आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
अभिनेता और फिल्म निर्माता ऋषभ शेट्टी को भारतीय फिल्म महोत्सव मेलबर्न (आईएफएफएम) में ‘लीडरशिप इन सिनेमा’ पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।
एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, ‘लीडरशिप इन सिनेमा’ पुरस्कार ऋषभ शेट्टी के भारतीय सिनेमा को वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाने में योगदान के लिए प्रदान किया जाएगा। यह पुरस्कार उन कहानियों को बढ़ावा देने के लिए दिया जा रहा है, जो अपनी जड़ों से जुड़ी, सांस्कृतिक रूप से प्रामाणिक और कलात्मक रूप से महत्वाकांक्षी हैं।
महोत्सव में विशेष अतिथि के रूप में शामिल होने वाले शेट्टी को यह पुरस्कार 13 अगस्त को प्रदान किया जाएगा।
‘कांतारा’ और ‘रिकी’ जैसी फिल्मों के लिए पहचान पाने वाले ऋषभ शेट्टी ने कहा कि वह इस पुरस्कार की घोषणा के बाद सम्मानित महसूस कर रहे हैं।
उन्होंने एक बयान में कहा, ‘‘भारतीय फिल्म महोत्सव मेलबर्न से ‘लीडरशिप इन सिनेमा’ पुरस्कार प्राप्त करना मेरे लिए बेहद सम्मान की बात होगी। कहानी कहना हमेशा से हमारी संस्कृति, परंपराओं और उन समुदायों का जश्न मनाने का मेरा तरीका रहा है, जो हमें प्रेरित करते हैं।’’
महोत्सव निदेशक मितु भौमिक लांगे ने कहा, ‘‘ऋषभ शेट्टी भारतीय फिल्म निर्माताओं की नयी पीढ़ी का प्रतिनिधित्व करते हैं, जिनका काम अपनी जड़ों से गहराई से जुड़ा होने के साथ-साथ वैश्विक स्तर पर भी प्रासंगिक है। हम उन्हें ‘लीडरशिप इन सिनेमा’ पुरस्कार से सम्मानित कर बेहद खुश हैं और आईएफएफएम 2026 में उनका स्वागत करने का इंतजार कर रहे हैं।’’
यह महोत्सव ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न शहर में आयोजित किया जाएगा।