नई दिल्ली
मां बनने के बाद महिलाओं के शरीर में कई स्वाभाविक बदलाव आते हैं। लेकिन जब बात किसी फिल्मी सितारे की हो, तो यही बदलाव अक्सर सोशल मीडिया पर चर्चा और आलोचना का विषय बन जाते हैं। हाल ही में मां बनीं बॉलीवुड अभिनेत्री कैटरीना कैफ को भी सार्वजनिक रूप से सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा। उनके शरीर में आए बदलावों और प्लास्टिक सर्जरी को लेकर कई तरह की नकारात्मक टिप्पणियां की गईं।
अब अभिनेत्री परिणीति चोपड़ा ने कैटरीना के समर्थन में आवाज उठाई है। उन्होंने प्रसव के बाद महिलाओं के शरीर में होने वाले बदलावों को लेकर टिप्पणी करने वालों की आलोचना करते हुए ऐसी मानसिकता को ‘अशिक्षित’ बताया।
पीटीआई को दिए एक इंटरव्यू में परिणीति ने कहा कि किसी महिला के प्रसवोत्तर शरीर पर टिप्पणी करना बेहद गलत मानसिकता को दर्शाता है। उन्होंने कहा, “जब कोई महिला के प्रसवोत्तर शरीर पर टिप्पणी करता है, तो मुझे यह बहुत ही अशिक्षित मानसिकता लगती है।”
परिणीति ने शरीर में होने वाले सामान्य बदलावों का उदाहरण देते हुए कहा कि जिस तरह बाल कटवाने के बाद छोटे हो जाते हैं, धूप में निकलने से त्वचा पर उसका असर दिखाई देता है और जिम जाने से शरीर की मांसपेशियां उभरती हैं, उसी तरह गर्भावस्था और प्रसव के बाद महिला के शरीर में बदलाव आना भी स्वाभाविक है।
उन्होंने कहा कि जब लोग दूसरे सामान्य शारीरिक बदलावों को सहजता से स्वीकार करते हैं, तो मां बनने के बाद महिला के शरीर में आए बदलावों को भी उसी नजरिए से देखा जाना चाहिए।