रिलीज से पहले ही अल्लू अर्जुन और एटली की ‘राका’ ने बनाया गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड

Story by  एटीवी | Published by  [email protected] | Date 22-09-2026
Allu Arjun and Atlee’s ‘Raka’ sets a Guinness World Record even before its release.
Allu Arjun and Atlee’s ‘Raka’ sets a Guinness World Record even before its release.

 

नई दिल्ली।

तेलुगु सुपरस्टार अल्लू अर्जुन और मशहूर फिल्म निर्देशक एटली की बहुप्रतीक्षित साइंस-फिक्शन एक्शन फिल्म ‘राका’ रिलीज से पहले ही सुर्खियों में आ गई है। फिल्म ने एक अनोखी तकनीकी उपलब्धि हासिल करते हुए गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में अपना नाम दर्ज करा लिया है।

एटली के 40वें जन्मदिन के मौके पर सोमवार को फिल्म की निर्माता कंपनी सन पिक्चर्स ने यह खास उपलब्धि साझा की। निर्माताओं के मुताबिक, फिल्म के एक दृश्य में 37 कलाकारों को एक साथ रियल-टाइम मोशन कैप्चर तकनीक के जरिए रिकॉर्ड किया गया। दावा है कि इससे पहले किसी फिल्म में इतनी बड़ी संख्या में कलाकारों को एक साथ रियल-टाइम मोशन कैप्चर नहीं किया गया था।

सन पिक्चर्स ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अल्लू अर्जुन और एटली की गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स का प्रमाण पत्र प्राप्त करते हुए तस्वीर भी साझा की।

निर्माता कंपनी ने अपनी पोस्ट में कहा कि ‘राका’ ने एक साथ 37 कलाकारों को रियल-टाइम में कैप्चर करके विश्व रिकॉर्ड बनाया है। कंपनी ने इसे भारतीय सिनेमा के लिए एक अंतरराष्ट्रीय उपलब्धि बताया।

अल्लू अर्जुन ने जताई खुशी

इस उपलब्धि पर अल्लू अर्जुन ने कहा कि यह पूरी टीम के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स का आभार जताते हुए कहा कि संस्था ने फिल्म की टीम की मेहनत और प्रयासों को आधिकारिक मान्यता दी है।

फिल्म निर्माताओं ने इससे पहले एक विशेष बिहाइंड-द-सीन्स वीडियो भी जारी किया था। इसमें दिखाया गया है कि किस तरह अत्याधुनिक तकनीक की मदद से 37 कलाकारों को एक साथ रियल-टाइम मोशन में कैप्चर किया गया।

चार भूमिकाओं में नजर आ सकते हैं अल्लू अर्जुन

‘राका’ को लेकर फिल्म इंडस्ट्री में पहले से ही काफी चर्चा है। अल्लू अर्जुन और एटली पहली बार इस प्रोजेक्ट में साथ काम कर रहे हैं।

सोशल मीडिया पर ऐसी खबरें और अटकलें हैं कि फिल्म में अल्लू अर्जुन चार अलग-अलग भूमिकाओं में नजर आ सकते हैं। इनमें एक दादा, एक पिता और दो बेटों के किरदार शामिल होने की बात कही जा रही है। हालांकि, निर्माताओं की ओर से इन दावों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

फिल्म की कहानी में समानांतर ब्रह्मांड (Parallel Universe) की अवधारणा होने की अटकलें भी सोशल मीडिया पर चल रही हैं। इस बारे में भी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

दीपिका, रश्मिका और जाह्नवी भी अहम भूमिकाओं में

सन पिक्चर्स के बैनर तले बन रही इस मेगा-बजट फिल्म में अल्लू अर्जुन के साथ दीपिका पादुकोण, रश्मिका मंदाना, जाह्नवी कपूर और मृणाल ठाकुर भी नजर आएंगी।

फिल्म की कहानी, किरदारों और तकनीकी प्रयोगों को लेकर दर्शकों के बीच पहले से ही उत्सुकता है। रिलीज से पहले गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में नाम दर्ज होने के बाद ‘राका’ की चर्चा और तेज हो गई है।