न्यूयॉर्क:
प्रसिद्ध फिल्मकार पॉल थॉमस एंडरसन ने विश्व सिनेमा के सबसे प्रतिष्ठित समारोह 98वें अकादमी पुरस्कार में बड़ी सफलता हासिल की। लॉस एंजिल्स के हॉलीवुड स्थित डॉल्बी थिएटर में आयोजित इस भव्य समारोह में उन्होंने अपनी राजनीतिक थ्रिलर फिल्म “वन बैटल आफ्टर अनदर” के लिए सर्वश्रेष्ठ निर्देशक और सर्वश्रेष्ठ रूपांतरित पटकथा—दोनों श्रेणियों में ऑस्कर पुरस्कार जीता।
सर्वश्रेष्ठ निर्देशक की दौड़ इस बार बेहद कड़ी रही। एंडरसन को रयान कूगलर (सिनर्स), क्लोई झाओ (हैमनेट), जोश सफ्डी (मार्टी सुप्रीम) और जोआकिम ट्रायर (सेंटिमेंटल वैल्यू) जैसे चर्चित निर्देशकों से कड़ा मुकाबला करना पड़ा। अंततः निर्णायक मंडल ने एंडरसन को सर्वश्रेष्ठ निर्देशक का पुरस्कार देने का फैसला किया। यह उनके करियर का पहला सर्वश्रेष्ठ निर्देशक ऑस्कर है।
इसी फिल्म के लिए एंडरसन को सर्वश्रेष्ठ रूपांतरित पटकथा का पुरस्कार भी मिला। यह फिल्म प्रसिद्ध लेखक थॉमस पिंचन के 1990 में प्रकाशित उपन्यास “वाइनलैंड” से प्रेरित है। फिल्म की कहानी एक पूर्व क्रांतिकारी के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपनी बेटी के साथ एक शांत उपनगर में रहता है। लेकिन एक सैन्य अधिकारी के पीछा करने पर उसे फिर से भागने के लिए मजबूर होना पड़ता है। बताया जाता है कि एंडरसन ने इस पटकथा पर कई दशकों तक काम किया, जिसके बाद उन्हें यह सम्मान मिला।
वहीं, रयान कूगलर की फिल्म “सिनर्स” ने सर्वश्रेष्ठ मौलिक पटकथा का पुरस्कार अपने नाम किया। वैम्पायर ड्रामा शैली की इस फिल्म को इस साल रिकॉर्ड 16 नामांकन मिले थे और यह पुरस्कारों की दौड़ में प्रमुख दावेदारों में शामिल रही।
98वें अकादमी पुरस्कार समारोह की मेजबानी लगातार दूसरी बार लोकप्रिय टॉक-शो होस्ट कॉनन ओ’ब्रायन ने की। लॉस एंजिल्स के डॉल्बी थिएटर में आयोजित इस समारोह में हॉलीवुड के सितारों की भव्य मौजूदगी देखने को मिली।





