मुंबई
72वें नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स में अभिनेता कार्तिक आर्यन, यामी गौतम और रणदीप हुड्डा ने अहम सम्मान हासिल किए। कार्तिक आर्यन को फिल्म ‘चंदू चैंपियन’ के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता और यामी गौतम को ‘आर्टिकल 370’ के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार मिला। वहीं, रणदीप हुड्डा को उनकी बायोग्राफिकल फिल्म ‘स्वातंत्र्य वीर सावरकर’ के लिए सर्वश्रेष्ठ नवोदित निर्देशक का पुरस्कार दिया गया।
पुरस्कार मिलने के बाद तीनों कलाकारों ने सोशल मीडिया के जरिए अपनी भावनाएं साझा कीं और इस सम्मान के लिए दर्शकों, परिवार और अपनी फिल्मों की टीम का आभार जताया।
रणदीप हुड्डा अपनी पत्नी लिन लैशराम के साथ पुरस्कार समारोह में पहुंचे। उन्होंने परिवार के साथ तस्वीरें साझा करते हुए कहा कि यह सम्मान सिर्फ उनके लिए नहीं, बल्कि उन तमाम लोगों के लिए है, जिन्होंने फिल्म ‘स्वातंत्र्य वीर सावरकर’ को बनाने के लिए लंबे समय तक मेहनत की।
रणदीप ने लिखा कि जब कोई व्यक्ति अपने काम में पूरी तरह डूब जाता है, तो उसका ध्यान पुरस्कार से ज्यादा हर पल अपना सर्वश्रेष्ठ देने पर होता है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय पुरस्कार हासिल करने का क्षण उनके लिए पीछे मुड़कर अपनी पूरी यात्रा को देखने जैसा था।
उन्होंने इस सम्मान को फिल्म की पूरी टीम और पिछले 25 वर्षों से उनके काम को प्यार और समर्थन देने वाले दर्शकों को समर्पित किया।
रणदीप ने यह भी कहा कि परिवार की मौजूदगी ने इस पल को और खास बना दिया। उन्होंने लिखा कि वह वहां सिर्फ रणदीप हुड्डा के रूप में नहीं, बल्कि अपनी बेटी नियोमिका के पिता के रूप में भी मौजूद थे।
सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार हासिल करने वाली यामी गौतम ने भी सोशल मीडिया पर भावुक पोस्ट साझा की। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय पुरस्कार हाथ में लेकर उन्हें सिर्फ सम्मान की खुशी नहीं, बल्कि उस पूरी यात्रा के लिए गहरा आभार महसूस हो रहा है, जो उन्हें इस मुकाम तक लेकर आई।
यामी ने फिल्म के निर्देशक आदित्य धर और लोकेश धर का विशेष रूप से आभार जताया। उन्होंने कहा कि उन्हें ‘आर्टिकल 370’ जैसी महत्वपूर्ण फिल्म में काम करने का अवसर देने और उन पर भरोसा करने के लिए वह उनकी आभारी हैं।
उन्होंने अपने माता-पिता, ससुराल वालों, फिल्म की पूरी टीम और दर्शकों को भी धन्यवाद दिया। यामी ने कहा कि लोगों के विश्वास और समर्थन ने उनके सफर में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
‘चंदू चैंपियन’ में अपने अभिनय के लिए पहला राष्ट्रीय पुरस्कार हासिल करने वाले कार्तिक आर्यन ने पुरस्कार मिलने के बाद मुंबई के प्रसिद्ध लालबागचा राजा पंडाल में जाकर गणपति बप्पा का आशीर्वाद लिया।उन्होंने पुरस्कार के साथ अपनी तस्वीर साझा करते हुए लिखा, “मेरे सुखकर्ता-दुखहर्ता। शब्दों से परे आशीर्वाद। धन्यवाद बप्पा!”
72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों का आयोजन मंगलवार को गुजरात के केवड़िया में किया गया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने वर्ष 2024 में भारतीय सिनेमा में उत्कृष्ट योगदान और उपलब्धियों के लिए कलाकारों को सम्मानित किया।
इस समारोह में धनुष, ममूटी, आनंद एल. राय, विजय गांगुली और संजय मिश्रा समेत कई फिल्मी हस्तियों को भी सम्मान मिला।
वहीं, दिग्गज अभिनेता अनंत नाग को भारतीय सिनेमा के प्रतिष्ठित दादासाहेब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित किया गया।