नई दिल्ली।
अपनी सुरीली आवाज और खास गायकी से दुनियाभर में पहचान बनाने वाले गायक अरिजीत सिंह ने संगीत की दुनिया में अपने दो दशक पूरे होने के मौके पर बड़ा ऐलान किया है। अरिजीत ने सोमवार, 5 अक्टूबर को भारत में अपने आगामी कॉन्सर्ट टूर की घोषणा की।
इस दौरे के तहत अरिजीत देश के 9 राज्यों और 9 शहरों में लाइव परफॉर्मेंस देंगे। पार्श्वगायन से संन्यास लेने के बाद भारत में यह उनका पहला बड़ा लाइव कॉन्सर्ट टूर होगा।
अरिजीत सिंह का पहला कार्यक्रम 9 जनवरी 2027 को अहमदाबाद में होगा। इसके बाद वह 23 जनवरी को चंडीगढ़, 7 फरवरी को जयपुर, 20 फरवरी को मुंबई, 13 मार्च को बेंगलुरु, 27 मार्च को नई दिल्ली, 10 अप्रैल को पुणे, 1 मई को इंदौर और 15 मई को हैदराबाद में प्रस्तुति देंगे।
इस खास संगीत यात्रा में अरिजीत अपने करीब दो दशक लंबे करियर के अलग-अलग दौर के लोकप्रिय गीत प्रस्तुत करेंगे। कॉन्सर्ट में उनके संगीत सफर की अलग-अलग भावनाओं, शैलियों और संगीत विधाओं को एक साथ पेश किया जाएगा।
दर्शकों के लिए यह अपने पसंदीदा गीतों को अरिजीत की आवाज में लाइव और बड़े स्तर पर सुनने का खास मौका होगा।
आयोजकों ने अरिजीत के कॉन्सर्ट को खास बनाने के लिए बड़े स्तर पर प्रोडक्शन की तैयारी की है। इसके लिए एक विशेष रूप से डिजाइन किया गया मल्टी-लेवल स्टेज तैयार किया जाएगा। मंच का एक हिस्सा स्टेडियम के भीतर लंबी रनवे के रूप में बनाया जाएगा, जिससे अरिजीत दर्शकों के अलग-अलग हिस्सों तक पहुंच सकेंगे।
कॉन्सर्ट में 360 डिग्री ऑडियो सिस्टम, डायनेमिक एलईडी लाइट्स, विशाल स्क्रीन, लेजर लाइट्स और स्टेडियम स्तर की आतिशबाजी का इस्तेमाल किया जाएगा। पूरे लाइव प्रोडक्शन को इस तरह तैयार किया जा रहा है कि अरिजीत की आवाज और गीतों के साथ मंच की भव्यता भी दर्शकों के अनुभव का अहम हिस्सा बने।
संगीत की दुनिया में 20 साल पूरे होने और आगामी टूर को लेकर अरिजीत सिंह ने कहा कि वह इस पूरे सफर के लिए बेहद आभारी हैं। उन्होंने कहा कि इस यात्रा का सबसे खूबसूरत हिस्सा वे लोग रहे हैं, जिन्होंने अपने-अपने तरीके से उनके गीतों को जीवित रखा।
अरिजीत ने कहा कि वह भारत के अलग-अलग हिस्सों की यात्रा कर मंच पर अपने प्रशंसकों के प्यार को महसूस करने के लिए उत्साहित हैं। उन्होंने कहा कि उनके सामने बहुत सारे गीत, यादें और लोगों से मिलने के मौके हैं और वह इस दौरे का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
अरिजीत सिंह के इन कॉन्सर्ट के टिकट 'thumpN' प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होंगे। टिकटों की सामान्य बिक्री 13 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे से शुरू होगी।
अरिजीत सिंह ने 2005 में अपने आधिकारिक संगीत करियर की शुरुआत की थी। दो दशक बाद उनका यह विशेष भारत दौरा उनके प्रशंसकों के लिए खास आकर्षण का केंद्र बनने जा रहा है।