नई दिल्ली
दुनिया भर में मशहूर बॉलीवुड सुपरस्टार Shah Rukh Khan को न पहचान पाना एक ऑस्ट्रेलियाई क्विज़ प्रतियोगी के लिए भारी पड़ गया। एक टीवी क्विज़ शो के दौरान दिए गए उसके जवाब ने सोशल मीडिया पर लोगों को हैरान भी किया और हंसी का मौका भी दे दिया।
दरअसल, ऑस्ट्रेलिया के एक टेलीविजन क्विज़ कार्यक्रम में प्रतियोगी से एक सरल सा सवाल पूछा गया था। सवाल था कि शाहरुख खान किस क्षेत्र में अपनी प्रतिभा के लिए प्रसिद्ध हैं।प्रतियोगी को चार विकल्प दिए गए थे। इनमें सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट, फिल्म अभिनय, मोटर रेसिंग और प्रोफेशनल पोकर शामिल थे।
इस सवाल का सही जवाब फिल्म अभिनय था। लेकिन सभी को चौंकाते हुए प्रतियोगी ने ‘सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट’ वाला विकल्प चुन लिया।जैसे ही यह दृश्य टीवी स्क्रीन पर आया, शो का स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। इसके बाद इंटरनेट पर लोगों की प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई।
कई लोगों ने इस जवाब पर हैरानी जताई। कुछ यूजर्स ने इसे बेहद मजेदार बताया, जबकि शाहरुख खान के प्रशंसकों ने प्रतियोगी की सामान्य ज्ञान पर सवाल उठाए।सोशल मीडिया पर कई फैंस का कहना था कि दुनिया के सबसे लोकप्रिय फिल्म सितारों में से एक को न पहचानना वाकई चौंकाने वाली बात है। कुछ लोगों ने तो यहां तक कहा कि अगर किसी व्यक्ति को इतनी सामान्य जानकारी भी नहीं है तो उसे क्विज़ प्रतियोगिता में हिस्सा नहीं लेना चाहिए था।
इस बीच, बढ़ती आलोचना के बाद प्रतियोगी ने अपनी सफाई भी दी। उसका कहना था कि वह जल्दी में था और गलती से गलत बटन दब गया। उसने यह भी दावा किया कि वह शाहरुख खान को अच्छी तरह जानता है और उनके पेशे के बारे में भी परिचित है।
हालांकि, सोशल मीडिया पर मौजूद कई यूजर्स और प्रशंसक उसकी इस सफाई से संतुष्ट नजर नहीं आए। इंटरनेट पर अब भी इस घटना को लेकर मजाक और ट्रोलिंग जारी है।फिलहाल यह मामला ऑनलाइन चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग इसे मनोरंजक अंदाज में शेयर कर रहे हैं।