फिल्म ‘रामायण’ से मुझे बहुत अधिक उम्मीदें हैं: मोती सागर

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 08-04-2026
I have very high expectations from the film ‘Ramayan’: Moti Sagar
I have very high expectations from the film ‘Ramayan’: Moti Sagar

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 नितेश तिवारी की फिल्म ‘‘रामायण’’ में भगवान राम के रूप में रणबीर कपूर की पहली झलक को धारावाहिक ‘‘रामायण’’ के निर्माता रामानंद सागर के बेटे मोती सागर ने सराहा है।
 
मोती सागर ने 1987 के लोकप्रिय टीवी धरावाहिक और आगामी फिल्म के बीच तुलना को भी खारिज कर दिया, क्योंकि दोनों के प्रारूप अलग-अलग हैं।
 
फिल्म का पहला ‘टीज़र’ पिछले सप्ताह हनुमान जयंती पर रिलीज़ किया गया था, जिससे दर्शकों को कपूर द्वारा अभिनीत भगवान राम की एक झलक मिली। इस फिल्म का निर्माण नमित मल्होत्रा ​​ने किया है।
 
हालांकि, ‘टीज़र’ को लेकर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं, कुछ लोग इसके दृश्यों की प्रशंसा कर रहे हैं तो कुछ लोग फिल्म में इस्तेमाल किए गए ‘स्पेशल इफेक्ट्स’ की आलोचना कर रहे हैं।
 
अपने पिता के साथ मिलकर ‘‘रामायण’’ धारावाहिक का निर्देशन करने वाले मोती सागर ने कहा कि सिर्फ फिल्म के टीज़र के आधार पर इसके बारे में कुछ भी कहना अनुचित होगा, लेकिन उन्हें कपूर का भगवान राम का किरदार पसंद आया।
 
दिग्गज अभिनेता अरुण गोविल ने अपने पिता के ‘‘रामायण’’ धारावाहिक में यह किरदार निभाया था।
 
मोती सागर ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘मुझे ‘रामायण’ से बहुत अच्छी उम्मीदें हैं क्योंकि रणबीर आज के समय के सर्वश्रेष्ठ अभिनेताओं में से एक हैं। वह एक बेहतरीन अभिनेता हैं और उनमें बहुत गहराई है। लेकिन इस टीज़र से कुछ भी अंदाजा नहीं लगाया जा सकता।’’
 
उनका यह भी मानना ​​है कि फिल्म और धारावाहिक की तुलना करना ‘‘उचित नहीं है’’।