मुंबई
बॉलीवुड अभिनेता Ranveer Singh की फिल्म ‘डॉन 3’ से अचानक बाहर होने के बाद विवाद गहरा गया है। फिल्म इंडस्ट्री की बड़ी संस्था FWICE यानी फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज ने सोमवार को बड़ा फैसला लेते हुए कहा कि उसके चार लाख से अधिक सदस्य अब रणवीर सिंह के साथ काम नहीं करेंगे।
यह फैसला तब आया जब ‘डॉन 3’ के निर्माता Farhan Akhtar और Ritesh Sidhwani ने रणवीर सिंह के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। मामला पहले इंडियन फिल्म एंड टेलीविजन डायरेक्टर्स एसोसिएशन के पास गया, जिसके बाद इसे FWICE को सौंप दिया गया।
बताया जा रहा है कि ‘डॉन 3’ पिछले तीन वर्षों से तैयारी के चरण में थी और इसकी शूटिंग शुरू होने वाली थी। निर्माताओं का दावा है कि फिल्म की प्री-प्रोडक्शन प्रक्रिया पर अब तक 45 करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए जा चुके हैं।
FWICE के मानद महासचिव अशोक दुबे ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि रणवीर सिंह के साथ अब कोई तकनीशियन काम नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि चाहे कैमरा मैन हो, स्पॉट बॉय हो या लाइटमैन, फेडरेशन का कोई सदस्य रणवीर के किसी प्रोजेक्ट का हिस्सा नहीं बनेगा, जब तक विवाद का समाधान नहीं हो जाता।
अशोक दुबे ने कहा कि एक कलाकार केवल अपने दम पर बड़ा नहीं बनता, बल्कि उसके पीछे हजारों तकनीशियनों और कर्मचारियों की मेहनत होती है। उन्होंने आरोप लगाया कि तीन साल से तैयार हो रही फिल्म को अचानक छोड़ना पूरी टीम के साथ अन्याय है।
FWICE के अध्यक्ष बी एन तिवारी ने कहा कि संगठन हमेशा अपने कर्मचारियों और तकनीशियनों के हितों की रक्षा करता है, लेकिन यदि किसी निर्माता के साथ अन्याय होता है तो फेडरेशन उसके साथ खड़ा रहेगा। उन्होंने कहा कि इंडस्ट्री में यह संदेश जाना चाहिए कि कोई भी सुपरस्टार नियमों और व्यवस्था से बड़ा नहीं है।
FWICE के मुख्य सलाहकार Ashoke Pandit ने दावा किया कि रणवीर सिंह ने शूटिंग शुरू होने से सिर्फ तीन हफ्ते पहले फिल्म छोड़ दी थी। उनके अनुसार, फेडरेशन ने रणवीर को तीन नोटिस भेजे, लेकिन उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया।
हालांकि प्रेस कॉन्फ्रेंस की घोषणा के बाद रणवीर सिंह की ओर से FWICE को ईमेल भेजा गया। इसमें कहा गया कि यह मामला फेडरेशन के अधिकार क्षेत्र में नहीं आता और संगठन को इसमें हस्तक्षेप नहीं करना चाहिए।
सूत्रों के मुताबिक, रणवीर सिंह ने फिल्म छोड़ने के पीछे स्क्रिप्ट में बदलाव को कारण बताया है। वहीं निर्माताओं का कहना है कि अभिनेता लंबे समय से फिल्म को टालते रहे और आखिरकार पिछले साल दिसंबर में प्रोजेक्ट से अलग हो गए।
‘डॉन 3’ को फरहान अख्तर की निर्देशन में वापसी माना जा रहा था। इससे पहले उन्होंने 2011 में आई ‘डॉन 2’ का निर्देशन किया था, जिसमें Shah Rukh Khan मुख्य भूमिका में थे।
मूल ‘डॉन’ फिल्म 1978 में रिलीज हुई थी, जिसे Amitabh Bachchan और Zeenat Aman ने यादगार बनाया था। अब ‘डॉन 3’ को लेकर बढ़ते विवाद ने फिल्म इंडस्ट्री में नई बहस छेड़ दी है।