करनाल में दिलजीत दोसांझ के मैनेजर के घर के बाहर फायरिंग, लॉरेंस गैंग ने ली जिम्मेदारी

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 13-05-2026
Firing outside Diljit Dosanjh's manager's house in Karnal
Firing outside Diljit Dosanjh's manager's house in Karnal

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 
 
 
लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से जुड़ी एक सोशल मीडिया पोस्ट में हरियाणा के करनाल में पंजाबी अभिनेता व गायक दिलजीत दोसांझ के प्रबंधक के घर के बाहर गोलीबारी करने का दावा किया गया है।
 
हरियाणा पुलिस ने हालांकि बुधवार को कहा कि उसे प्रबंधक गुरप्रताप सिंह कांग या उनके परिवार की ओर से कोई शिकायत नहीं मिली है।
 
करनाल के पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र बिजारनिया ने कहा, “परिवार की ओर से कोई सूचना नहीं दी गई है।”
 
अधिकारी ने बताया कि पुलिस की एक टीम करनाल में कांग के गांव गोंडर पहुंची और शुरुआती जांच के अनुसार वहां से कुछ बरामद नहीं हुआ।
 
सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में बिश्नोई के सहयोगियों टायसन बिश्नोई, आरजू बिश्नोई और हरि बॉक्सर ने गोंडर गांव में कांग के घर के बाहर हुई कथित गोलीबारी की जिम्मेदारी ली है।
 
इस बीच, पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने आरोप लगाया कि कुछ दिन पहले भाजपा ने दोसांझ से पार्टी में शामिल होने के लिए कहा था, लेकिन उन्होंने इनकार कर दिया।
 
उन्होंने आरोप लगाया कि इसके बाद दोसांझ के प्रबंधक पर “हमला किया गया” और इसकी जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गिरोह ने ले ली।
 
चीमा ने कहा, “इससे पता चलता है कि भाजपा गिरोहों का इस्तेमाल करके चर्चित हस्तियों और कारोबारियों डरा रही है। इसका भाजपा विरोधी चेहरा बेनकाब हो गया है।”