दीपिका ने पोर्टफोलियो शूट के लिए मां से उधार लिए थे 10 हजार रुपये

Story by  आवाज़ द वॉयस | Published by  [email protected] | Date 13-11-2026
At the age of 16, Deepika decided to become an actress; she borrowed 10,000 rupees from her mother for a portfolio shoot.
At the age of 16, Deepika decided to become an actress; she borrowed 10,000 rupees from her mother for a portfolio shoot.

 

नई दिल्ली

बॉलीवुड अभिनेत्री दीपिका पादुकोण ने महज 16 साल की उम्र में तय कर लिया था कि उन्हें अभिनेत्री बनना है। अपने इस सपने को पूरा करने के लिए उन्होंने एक समय अपनी मां से 10 हजार रुपये उधार भी लिए थे। उन्होंने वादा किया था कि एक दिन वह यह रकम लौटा देंगी और अपने माता-पिता को गर्व महसूस कराएंगी।

दीपिका ने यह भावुक किस्सा अमेरिकी टीवी शो द एलेन डीजेनेरेस शो में अपनी मौजूदगी के दौरान साझा किया था। उस समय वह अपनी पहली हॉलीवुड फिल्म XXX: रिटर्न ऑफ जेंडर केज के प्रचार के लिए शो में पहुंची थीं।

फिल्मी दुनिया में करीब दो दशक पूरे करने जा रहीं दीपिका का यह पुराना इंटरव्यू उनके संघर्ष और शुरुआती दिनों के दृढ़ संकल्प की झलक पेश करता है। मॉडलिंग से अपने करियर की शुरुआत करने वाली दीपिका आज हिंदी सिनेमा की प्रमुख अभिनेत्रियों में शुमार हैं।

दीपिका ने 2007 में शाहरुख खान के साथ फिल्म ओम शांति ओम से बॉलीवुड में कदम रखा था। इंटरव्यू में उन्होंने अपने परिवार और पिता से मिली प्रेरणा के बारे में भी बात की।

उनके पिता प्रकाश पादुकोण बैडमिंटन के पूर्व चैंपियन हैं। उन्होंने ऐसे दौर में पेशेवर खेल को अपना करियर बनाया था, जब भारत में खेलों को बहुत कम लोग पेशे के रूप में अपनाते थे।

दीपिका ने कहा, "उन्होंने उस समय बैडमिंटन खेलना शुरू किया, जब भारत में बहुत कम लोग पेशेवर स्तर पर खेलते थे। उस दौर में हर कोई डॉक्टर या वकील बनना चाहता था, लेकिन मेरे पिता ने एक खिलाड़ी बनने का फैसला किया।"

जब उनसे पूछा गया कि क्या उन्होंने कभी अपने पिता की तरह पेशेवर बैडमिंटन खिलाड़ी बनने के बारे में सोचा था, तो दीपिका ने कहा कि ऐसा करके वह अपने पिता को खुश कर सकती थीं। हालांकि, उनके पिता ने हमेशा उन्हें अपनी पसंद का करियर चुनने के लिए प्रोत्साहित किया।

दीपिका के मुताबिक, उनका दिल अभिनय की दुनिया में था। उन्हें 16 साल की उम्र में ही एहसास हो गया था कि वह अभिनेत्री बनना चाहती हैं। कैमरे के सामने आना उन्हें बेहद पसंद था और इससे उन्हें खुशी मिलती थी।

उन्होंने अपने शुरुआती दिनों का एक खास किस्सा साझा करते हुए बताया कि एक बार उन्होंने अपनी मां से पोर्टफोलियो शूट कराने के लिए 10 हजार रुपये उधार मांगे थे। यह उनके मॉडलिंग और अभिनय के सपने की दिशा में उठाया गया शुरुआती कदम था।

दीपिका ने बताया, "एक दिन मैंने अपनी मां को बैठाकर कहा कि क्या मैं आपसे 10 हजार रुपये उधार ले सकती हूं? मुझे अपना पोर्टफोलियो शूट कराना है। मैंने उनसे कहा कि एक दिन मैं आप सभी को गर्व महसूस कराऊंगी और यह पैसा भी लौटा दूंगी।"

करीब दो दशक के फिल्मी सफर में दीपिका ने कई सफल फिल्मों में काम किया है। इनमें चेन्नई एक्सप्रेस, ये जवानी है दीवानी, पीकू, बाजीराव मस्तानी, पद्मावत, पठान और जवान जैसी फिल्में शामिल हैं। वह 2024 में रिलीज हुई साइंस फिक्शन फिल्म कल्कि 2898 एडी का भी हिस्सा थीं।

अब दीपिका शाहरुख खान के साथ आगामी फिल्म किंग में एक बार फिर बड़े पर्दे पर नजर आने की तैयारी कर रही हैं।