अनुपम खेर ने अपने नाम से बने फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट को लेकर आगाह किया

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 10-02-2026
Anupam Kher warns against fake social media accounts created in his name
Anupam Kher warns against fake social media accounts created in his name

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
वरिष्ठ अभिनेता अनुपम खेर ने उनके नाम से बनाए गए कई फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट को लेकर अपने प्रशंसकों और फॉलोअर्स को सतर्क किया है और उनसे ऐसे प्रोफाइल से आने वाले किसी भी अनुरोध को अनदेखा करने की अपील की है।
 
खेर ने मंगलवार को अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो साझा किया। वीडियो में उन्होंने कहा कि कुछ लोग उनके नाम से फर्जी अकाउंट बनाकर उनकी तस्वीरों एवं वीडियो का इस्तेमाल कर रहे हैं और अन्य उपयोगकर्ताओं को संदेश एवं अनुरोध भेज रहे हैं।
 
वीडियो में खेर यह कहते सुनाई देते हैं, ‘‘मेरे प्यारे दोस्तों…, मेरे कुछ साथियों ने मुझे संदेश भेजकर बताया कि किसी ने मेरे नाम से इंस्टाग्राम पर अकाउंट खोल रखे हैं। उन्होंने मेरी प्रोफाइल तस्वीरें एवं वीडियो लगाए हैं और लोगों को अनुरोध भेज रहे हैं।’’
 
उन्होंने कहा, ‘‘मेरा ऐसा कोई अकाउंट नहीं है। कृपया उन्हें नजरअंदाज करें। मैं यह इसलिए कह रहा हूं क्योंकि मेरे कुछ करीबी दोस्तों ने मुझसे पूछा कि मैंने दूसरा अकाउंट क्यों खोला है, जबकि मैंने ऐसा नहीं किया।’’
 
खेर ने स्पष्ट किया कि इंस्टाग्राम पर उनका केवल एक ही आधिकारिक अकाउंट है।
 
अनुपम खेर की हालिया फिल्म ‘तन्वी द ग्रेट’ है, जो 2025 में रिलीज हुई थी। इस फिल्म के जरिए उन्होंने 2002 की ‘ओम जय जगदीश’ के बाद निर्देशन में वापसी की। शुभांगी दत्त अभिनीत यह फिल्म ऑटिज़्म से पीड़ित महिला तन्वी रैना की कहानी बताती है।
 
खेर आगामी फिल्म ‘खोसला का घोसला 2’ में नजर आएंगे, जो 2006 में आई लोकप्रिय फिल्म ‘खोसला का घोसला’ का सीक्वल है। इस फिल्म में रणवीर शौरी, तारा शर्मा सलूजा और किरण जुनेजा भी प्रमुख भूमिकाओं में हैं। फिल्म का निर्देशन प्रशांत भाटिया कर रहे हैं।