विदेशी निवेशकों की लिवाली, कच्चे तेल में नरमी से शेयर बाजार में तेजी, सेंसेक्स 512 अंक चढ़ा

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 16-11-2026
Stock market rises due to buying by foreign investors, softening of crude oil, Sensex rises by 512 points
Stock market rises due to buying by foreign investors, softening of crude oil, Sensex rises by 512 points

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
स्थानीय शेयर बाजार में सोमवार को तेजी रही और बीएसई सेंसेक्स 512 अंक चढ़ गया, जबकि एनएसई निफ्टी बढ़त के साथ 25,300 अंक के करीब पहुंच गया। वित्तीय, एफएमसीजी और तेल एवं गैस कंपनियों के शेयरों में खरीदारी, विदेशी निवेशकों की लगातार लिवाली और कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट से बाजार को समर्थन मिला।
 
बीएसई के 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 512.34 अंक यानी 0.63 प्रतिशत बढ़कर 82,104.79 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 719.20 अंक चढ़कर 82,311.65 अंक पर पहुंच गया था।
 
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का 50 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक निफ्टी भी 146.80 अंक यानी 0.58 प्रतिशत बढ़कर 25,291.10 अंक पर बंद हुआ।
 
सेंसेक्स के समूह में शामिल कंपनियों में से आईटीसी, भारती एयरटेल, इटर्नल, पावर ग्रिड, एचडीएफसी बैंक और अल्ट्राटेक सीमेंट के शेयर प्रमुख रूप से लाभ में रहे।
 
दूसरी तरफ टाटा स्टील, मारुति, इंटरग्लोब एविएशन (इंडिगो) और बजाज फिनसर्व के शेयरों में गिरावट रही।
 
शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने शुक्रवार को 5,736.55 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे थे।