AI could lead to 20% job losses, with $3 billion in annual investment in India: IBM Chairman
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
अमेरिकी प्रौद्योगिकी कंपनी आईबीएम के चेयरमैन एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) अरविंद कृष्ण ने कहा है कि कृत्रिम मेधा (एआई) के बढ़ते इस्तेमाल से अगले दशक में 10-20 प्रतिशत नौकरियां खत्म हो सकती हैं और इसका सबसे अधिक असर बीपीओ (कारोबार प्रक्रिया प्रबंधन) क्षेत्र पर पड़ने की आशंका है।
कृष्ण ने कहा कि एआई से रोजगार पर असर धीरे-धीरे सामने आएगा और सरकारों तथा कंपनियों को कर्मचारियों को कामकाज के बदलते स्वरूप के लिए तैयार करना होगा।
उन्होंने संवाददाताओं के साथ बातचीत में कहा कि आईबीएम में लिखे जा रहे लगभग आधे सॉफ्टवेयर कोड का निर्माण पहले ही एआई की मदद से हो रहा है। इससे प्रोग्रामर की भूमिका खत्म होने के बजाय बदलेगी। भविष्य में प्रोग्रामर खुद कोड लिखने के बजाय एआई को निर्देश देंगे कि उसे क्या लिखना है।
उन्होंने कहा कि आईबीएम ने पिछले एक साल में भारत में 5,000-10,000 लोगों को रोजगार दिया है। कंपनी चिप डिजाइन, सॉफ्टवेयर विकास, परीक्षण और एआई जैसे क्षेत्रों में भर्तियां बढ़ा रही है।
कृष्ण ने कहा, ‘‘एआई दशक के अंत तक भारत के सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) में करीब 500 अरब डॉलर का योगदान कर सकती है। हालांकि, देश को 'बड़े भाषा मॉडल' विकसित करने के बजाय उद्योगों और सरकारी कामकाज में एआई का इस्तेमाल तेजी से बढ़ाने पर ध्यान देना चाहिए।’’
आईबीएम के एक शोध के मुताबिक, भारत के 90 प्रतिशत से अधिक उद्यम एआई की संभावनाओं को पहचानते हैं, लेकिन 75 प्रतिशत से अधिक ने इसके इस्तेमाल की दिशा में बहुत कम प्रगति की है।