इनगवर्न ने जी की 600 करोड़ रुपये की शेयर पुनर्खरीद पर उठाए सवाल

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 16-11-2026
InGovern raises questions over Zee's Rs 600 crore share buyback
InGovern raises questions over Zee's Rs 600 crore share buyback

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 प्रॉक्सी सलाहकार फर्म इनगवर्न ने जी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज लिमिटेड (जीईईएल) की प्रस्तावित 600 करोड़ रुपये की शेयर पुनर्खरीद योजना पर सवाल उठाए हैं।
 
फर्म ने कंपनी की पूंजी आवंटन रणनीति में संभावित विसंगतियों, कमजोर परिचालन लाभप्रदता और प्रशासन संबंधी चिंताओं को रेखांकित किया है।
 
इनगवर्न ने प्रस्तावित पुनर्खरीद की समीक्षा करने वाली एक रिपोर्ट में सवाल उठाया कि जीईईएल द्वारा अगस्त में प्रवर्तक समूह की इकाई 'सनब्राइट मॉरीशस इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड' को पूर्ण परिवर्तनीय वारंट के तरजीही निर्गम के जरिये 735.55 करोड़ रुपये जुटाने के कुछ ही समय बाद शेयरधारकों को पूंजी का एक बड़ा हिस्सा लौटाने का क्या औचित्य है।
 
सलाहकार फर्म ने कहा कि वृद्धि के लिए कोष जुटाने और उसके तुरंत बाद पूंजी लौटाने के बीच स्पष्ट विरोधाभास पर निदेशक मंडल से अधिक स्पष्टीकरण की जरूरत है, विशेषकर तब जब कंपनी का परिचालन मार्जिन दबाव में है।