आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ईरान के साथ युद्ध समाप्त करने के लिए बातचीत में प्रगति के दावे के बाद बुधवार को स्थानीय शेयर बाजार में जोरदार तेजी देखने को मिली।
कारोबार के अंतिम घंटे में जोरदार लिवाली से बीएसई क 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 940.73 अंक यानी 1.22 प्रतिशत की छलांग के साथ 77,958.52 अंक पर पहुंच गया। कारोबार के दौरान एक समय यह 1,004.99 अंक यानी 1.30 प्रतिशत की बढ़त के साथ 78,022.78 अंक पर पहुंच गया था।
वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 298.15 अंक यानी 1.24 प्रतिशत की बढ़त के साथ 24,330.95 अंक पर बंद हुआ।
वैश्विक बाजारों के सकारात्मक रुख ने भी स्थानीय बाजार को समर्थन दिया।
सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से इंटरग्लोब एविएशन, ट्रेंट, एशियन पेंट्स, भारतीय स्टेट बैंक, एचडीएफसी बैंक और इटर्नल के शेयर लाभ में रहे।
वहीं रिलायंस इंडस्ट्रीज, लार्सन एंड टुब्रो, पावर ग्रिड और एनटीपीसी के शेयरों में गिरावट आई।
ट्रंप ने होर्मुज जलडमरूमध्य से जहाजों को सुरक्षा देने के लिए ‘प्रोजेक्ट फ्रीडम’ को स्थगित कर दिया है। उन्होंने दावा किया है कि ईरान के साथ युद्ध खत्म करने के लिए एक समझौते की दिशा में बातचीत में प्रगति हुई है। मंगलवार को ‘ट्रुथ सोशल’ पर एक पोस्ट में ट्रंप ने कहा, ‘‘ईरान के प्रतिनिधियों के साथ एक पूर्ण और अंतिम समझौते की दिशा में काफी प्रगति हुई है।’’