नई दिल्ली,।
छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य और भावनात्मक कल्याण को मजबूत बनाने की दिशा में जामिया मिल्लिया इस्लामिया (जेएमआई) ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। विश्वविद्यालय के मेंटल हेल्थ एंड वेलनेस सेल ने सोसाइटी फॉर द प्रमोशन ऑफ यूथ एंड मासेस (SPYM) के सहयोग से बुधवार को ‘पीयर सपोर्ट वॉलंटियर प्रोग्राम’ और ‘जामिया वेलनेस कनेक्ट हेल्पलाइन ऐप’ की शुरुआत की।
इस पहल का उद्देश्य विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों को समय पर, सहज, गोपनीय और प्रभावी मानसिक स्वास्थ्य सहायता उपलब्ध कराना है। जामिया देश के उन शुरुआती विश्वविद्यालयों में शामिल हो गया है, जहां सुप्रीम कोर्ट, भारत सरकार के विभिन्न मंत्रालयों और विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) के निर्देशों के अनुरूप व्यापक स्वास्थ्य नीति लागू है।
कार्यक्रम और हेल्पलाइन ऐप का औपचारिक उद्घाटन जामिया के कुलपति प्रो. मजहर आसिफ और कुलसचिव प्रो. मोहम्मद महताब आलम रिजवी ने किया। इस अवसर पर SPYM के के. नारायण, गैरी रीड, मेंटल हेल्थ एंड वेलनेस सेल के अध्यक्ष एवं सामाजिक विज्ञान संकाय के डीन प्रो. जुबैर मीनाई सहित अन्य लोग मौजूद रहे। इस पहल की परिकल्पना और इसे अमलीजामा पहनाने में प्रो. जुबैर मीनाई की प्रमुख भूमिका रही है।
40 छात्र बनेंगे पीयर सपोर्ट वॉलंटियर
इस पहल के केंद्र में जामिया के विभिन्न विभागों और केंद्रों से चुने गए 40 पीयर सपोर्ट वॉलंटियर हैं। ये विद्यार्थी अपने साथ जोड़े गए फैकल्टी मेंटर्स के मार्गदर्शन में काम करेंगे। उन्हें SPYM के प्रशिक्षित काउंसलरों और विश्वविद्यालय के मनोविज्ञान विभाग की ओर से गहन प्रशिक्षण दिया गया है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों के बीच आपसी संवाद और सहयोग को बढ़ावा देना है, साथ ही उन्हें पेशेवर मनोवैज्ञानिक मार्गदर्शन और निगरानी से जोड़ना भी है।
वॉलंटियर के चयन के लिए प्रतिस्पर्धात्मक प्रक्रिया अपनाई गई। अगस्त 2026 में जारी ‘एक्सप्रेशन ऑफ इंटरेस्ट’ के जवाब में 140 विद्यार्थियों ने आवेदन किया था। कड़ी चयन प्रक्रिया और अंतिम साक्षात्कार के बाद इनमें से 40 विद्यार्थियों का चयन किया गया। चयनित वॉलंटियर को इसके बाद विशेष प्रशिक्षण दिया गया।
विश्वविद्यालय के अनुसार, यह कार्यक्रम देश में अपनी तरह का अनूठा मॉडल है, जिसमें विद्यार्थियों के नेतृत्व में मिलने वाली सहायता को पेशेवर विशेषज्ञता से जोड़ा गया है।
व्हाट्सऐप पर मिलेगी मानसिक स्वास्थ्य सहायता
इस पहल का एक प्रमुख हिस्सा ‘जामिया वेलनेस कनेक्ट’ डिजिटल हेल्पलाइन है। विद्यार्थी व्हाट्सऐप नंबर 9911266684 के माध्यम से इस सेवा का लाभ उठा सकते हैं। हेल्पलाइन को सरल, सुविधाजनक और गोपनीय तरीके से सहायता प्राप्त करने के उद्देश्य से तैयार किया गया है।
यह सेवा अंग्रेजी, हिंदी और उर्दू—तीन भाषाओं में उपलब्ध है। इसके जरिए विद्यार्थी तीन आसान चरणों में काउंसलिंग और जरूरी मदद के लिए संपर्क कर सकेंगे।
कार्यक्रम के सफल शुभारंभ पर कुलपति प्रो. मजहर आसिफ ने छात्र वॉलंटियर, मेंटल हेल्थ एंड वेलनेस सेल और SPYM को बधाई दी। उन्होंने कहा, “आज के युवा अभूतपूर्व आर्थिक, मनोवैज्ञानिक और भावनात्मक दबावों का सामना कर रहे हैं। उन्हें सार्थक सहयोग देना, मानसिक स्वास्थ्य को बढ़ावा देना और उनके समग्र कल्याण की रक्षा करना हमारी सबसे महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों में से एक है।”