नई दिल्ली
जामिया मिल्लिया इस्लामिया (जेएमआई) के विधि संकाय की छात्रा मुस्कान ने तीसरी आईआईएमटी राष्ट्रीय मूट कोर्ट प्रतियोगिता-2026 में सर्वश्रेष्ठ शोधकर्ता (Best Researcher) का पुरस्कार हासिल किया है। यह प्रतियोगिता 29 और 30 अक्टूबर 2026 को आयोजित की गई थी। मुस्कान बीए एलएलबी (ऑनर्स) के 2025-2030 बैच की छात्रा हैं।
प्रतियोगिता में जामिया की टीम में तीन छात्राएं शामिल थीं। इनमें सानिया खान ने प्रथम वक्ता, परवाना शेख ने द्वितीय वक्ता और मुस्कान ने शोधकर्ता की भूमिका निभाई। तीनों छात्राओं ने पहली बार किसी मूट कोर्ट प्रतियोगिता में हिस्सा लिया था। अपने पहले ही प्रयास में टीम ने समर्पण, आपसी तालमेल और कानूनी शोध के प्रति उत्साह का परिचय दिया। मुस्कान को मिला यह पुरस्कार उनके मूट कोर्ट सफर की एक शानदार शुरुआत माना जा रहा है।
जामिया के विधि संकाय के डीन प्रोफेसर गुलाम यजदानी ने पूरी टीम को इस उपलब्धि पर बधाई दी और उनके प्रयासों तथा प्रतिबद्धता की सराहना की।
उन्होंने कहा कि मूट कोर्ट प्रतियोगिताएं कानून के विद्यार्थियों के लिए बेहद महत्वपूर्ण होती हैं। इनके माध्यम से छात्रों को कानूनी तर्क क्षमता, विश्लेषण, शोध और पैरवी से जुड़े कौशल विकसित करने का अवसर मिलता है। साथ ही, वे कक्षा में सीखी गई कानूनी अवधारणाओं को व्यावहारिक मामलों में लागू करना भी सीखते हैं।
डीन ने मूट कोर्ट कमेटी के फैकल्टी संयोजक प्रोफेसर काजी मोहम्मद उस्मान के मार्गदर्शन और प्रयासों की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि छात्रों को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करने और विधि संकाय में मूट कोर्ट की संस्कृति को मजबूत बनाने में उनका महत्वपूर्ण योगदान है।
प्रोफेसर यजदानी ने विश्वविद्यालय के कुलपति और रजिस्ट्रार के प्रति भी आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संस्थान की ओर से लगातार मिल रहा प्रोत्साहन और सहयोग विद्यार्थियों को राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने तथा अकादमिक और पेशेवर क्षेत्र में उत्कृष्टता हासिल करने के अवसर प्रदान करता है।
जामिया की मूट कोर्ट कमेटी ने भी पूरी टीम को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और आगामी प्रतियोगिताओं में सफलता की कामना की है।