शी चिनफिंग, डोनाल्ड ट्रंप और व्लादिमीर पुतिन 19 नवंबर को पहली बार त्रिपक्षीय बैठक करेंगे

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 16-11-2026
Xi Jinping, Donald Trump and Vladimir Putin will hold their first trilateral meeting on November 19.
Xi Jinping, Donald Trump and Vladimir Putin will hold their first trilateral meeting on November 19.

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
चीन, अमेरिका और रूस के राष्ट्रपतियों के बीच पहली त्रिपक्षीय बैठक 19 नवंबर को होगी। चीन के विदेश मंत्रालय ने सोमवार को इस बात की पुष्टि की।
 
चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग, एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग (एपीईसी) शिखर सम्मेलन से इतर शेनझेन में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मेजबानी करेंगे।
 
चीन 18 और 19 नवंबर को एपीईसी आर्थिक नेताओं की 33वीं बैठक की मेजबानी करेगा जिसमें इस समूह के 21 सदस्य देशों के नेता शामिल होंगे।
 
यह बैठक इन तीनों शक्तिशाली देशों के राष्ट्रपतियों के बीच होने वाला पहला त्रिपक्षीय शिखर सम्मेलन होगा।
 
बैठक में संघर्षों, कृत्रिम बुद्धिमत्ता और परमाणु हथियारों की संख्या में कमी सहित कई वैश्विक मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।
 
परमाणु हथियारों पर चर्चा ऐसे समय में होने की संभावना है, जब फरवरी में अमेरिका और रूस के बीच नयी सामरिक शस्त्र न्यूनीकरण संधि (न्यू स्टार्ट) की अवधि समाप्त होने के बाद वैश्विक हथियार नियंत्रण के भविष्य को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं।
 
दोनों देशों के बीच परमाणु हथियारों पर नियंत्रण से जुड़ा यह आखिरी प्रमुख द्विपक्षीय समझौता था। 'न्यू स्टार्ट' संधि के तहत अमेरिका और रूस के परमाणु हथियारों के जखीरे पर कानूनी रूप से बाध्यकारी सीमाएं तय की गई थीं। इसकी अवधि समाप्त होने के बाद दुनिया की दो सबसे बड़ी परमाणु शक्तियों के पास अब ऐसी कोई बाध्यकारी सीमा नहीं रह गई है।