अचानक यूक्रेन पहुंचे प्रिंस हैरी ने घायल यूक्रेनी पूर्व सैनिकों के जज्बे को सराहा

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 16-11-2026
Prince Harry made a surprise visit to Ukraine, praising the spirit of wounded Ukrainian veterans.
Prince Harry made a surprise visit to Ukraine, praising the spirit of wounded Ukrainian veterans.

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
ब्रिटेन के प्रिंस हैरी ने यूक्रेन के घायल पूर्व सैनिकों की रविवार को सराहना करते हुए उन्हें समाज के लिए आदर्श बताया और कहा कि कीव को इन सैनिकों को लगातार सहयोग देना चाहिए।

हैरी ने युद्धग्रस्त यूक्रेन की अपनी अघोषित सप्ताहांत यात्रा पूरी की।
 
युद्ध शुरू होने के बाद हैरी की यह यूक्रेन की चौथी यात्रा थी। वहीं, पश्चिमी शहर लीव का उनका यह दूसरा दौरा था। उन्होंने लीव में ‘सुपरह्यूमन्स सेंटर’ में मरीजों और कर्मचारियों से मुलाकात की। यह एक हड्डी रोग एवं पुनर्वास केंद्र है, जहां घायल सैन्यकर्मियों और आम नागरिकों का इलाज किया जाता है।
 
हैरी ने ‘इन्विक्टस गेम्स’ के लिए चयन ट्रायल के दौरान कहा, ‘‘हमने इन सैनिकों के वर्दी पहनने से पहले ही उनमें निवेश किया है और जब वे वर्दी उतार दें, तब भी हमें उनका साथ देना और उन पर निवेश करना जारी रखना चाहिए।’’
 
‘इन्विक्टस गेम्स’ पैरालंपिक खेलों की तर्ज पर आयोजित होने वाला एक खेल आयोजन है। इसकी शुरुआत हैरी ने दुनिया भर के पूर्व सैनिकों को युद्ध में लगी चोटों से उबरने और जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से की थी।
 
अफगानिस्तान में सेवा दे चुके ब्रिटिश सेना के पूर्व सैनिक हैरी ने शनिवार को व्हीलचेयर पर बैठे रग्बी के खिलाड़ियों के बीच मुकाबला देखा। उन्होंने पिकलबॉल खिलाड़ियों का मुकाबला भी देखा। इनमें से कई खिलाड़ी कृत्रिम अंगों का इस्तेमाल करते हैं। ये खिलाड़ी अगले साल इंग्लैंड के बर्मिंघम में होने वाले ‘इन्विक्टस गेम्स’ में यूक्रेन का प्रतिनिधित्व करने के लिए प्रतिस्पर्धा कर रहे थे।