क्वेटा (पाकिस्तान)
पाकिस्तान के दक्षिण-पश्चिमी बलूचिस्तान प्रांत में गुरुवार को कुछ ही घंटों के अंतराल पर दो भीषण कार बम विस्फोट हुए। इन हमलों में कम से कम आठ लोगों की मौत हो गई और 23 से अधिक लोग घायल हुए। सुरक्षा अधिकारियों का कहना है कि हमलों का निशाना सुरक्षा बल और नागरिक थे।
पहला विस्फोट बलूचिस्तान के तुर्बत जिले में हुआ। पुलिस अधिकारी इलाही बख्श ने बताया कि एक आत्मघाती हमलावर ने विस्फोटकों से भरी कार को सुरक्षा बलों के काफिले से टकरा दिया। धमाका इतना जबरदस्त था कि दो सुरक्षाकर्मी मौके पर ही मारे गए और 23 लोग घायल हो गए। घायलों में कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।
कुछ घंटों बाद दूसरा हमला चमन शहर में हुआ, जो अफगान सीमा के पास स्थित है। यहां एक और कार बम विस्फोट में छह नागरिकों की मौत हो गई। स्थानीय सरकारी प्रशासक इम्तियाज अली ने पुष्टि करते हुए कहा कि धमाके से आसपास की इमारतों और वाहनों को भी भारी नुकसान पहुंचा।
अब तक किसी संगठन ने इन हमलों की जिम्मेदारी नहीं ली है। हालांकि, अधिकारियों का कहना है कि शक की सूई पाकिस्तानी तालिबान (TTP) और बलूच अलगाववादी गुटों की ओर है। दोनों ही संगठन लंबे समय से प्रांत में सुरक्षा बलों, सरकारी प्रतिष्ठानों और आम नागरिकों को निशाना बनाते आए हैं।
बलूचिस्तान पाकिस्तान का सबसे बड़ा लेकिन सबसे अस्थिर प्रांत है, जहां सुरक्षा चुनौतियां लगातार बनी हुई हैं। तुर्बत और चमन में हुए ये हमले एक बार फिर दिखाते हैं कि उग्रवादी गुट क्षेत्र में शांति और स्थिरता की कोशिशों को कमजोर करने पर आमादा हैं।