मक्का।
मुस्लिम वर्ल्ड लीग (एमडब्ल्यूएल) ने गाजा पट्टी के खान यूनिस स्थित नासिर मेडिकल कॉम्प्लेक्स पर इजरायली हवाई हमले और विस्थापित लोगों को शरण देने वाले ठिकानों को निशाना बनाए जाने की कड़ी निंदा की है। संगठन ने गाजा में मानवीय सहायता, आश्रय सामग्री और चिकित्सा आपूर्ति पहुंचाने पर इजरायल की ओर से लगातार लगाई जा रही पाबंदियों पर भी गंभीर चिंता जताई है।
मुस्लिम वर्ल्ड लीग के महासचिवालय की ओर से जारी बयान में संगठन के महासचिव और मुस्लिम विद्वानों के संगठन के अध्यक्ष शेख डॉ. मोहम्मद बिन अब्दुल करीम अल-ईसा ने इजरायल की इन कार्रवाइयों को अस्वीकार्य और निंदनीय बताया।
उन्होंने कहा कि इस तरह के उल्लंघन गाजा पट्टी में पहले से जारी मानवीय संकट को और गंभीर बना रहे हैं। ये कार्रवाइयां सभी धार्मिक मूल्यों के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय और मानवीय कानूनों एवं नियमों का भी उल्लंघन हैं। इसके अलावा, इनसे शांति स्थापित करने के प्रयासों को नुकसान पहुंच रहा है। इनमें अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की व्यापक शांति योजना भी शामिल है।
डॉ. अल-ईसा ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से अपील की कि वह अपनी नैतिक और कानूनी जिम्मेदारियां निभाते हुए अधिकृत फिलिस्तीनी क्षेत्रों में इजरायल के सभी उल्लंघनों को तत्काल रुकवाने के लिए प्रभावी कदम उठाए।
उन्होंने इस मुद्दे पर सऊदी अरब, जॉर्डन, संयुक्त अरब अमीरात, अल्जीरिया, इंडोनेशिया, पाकिस्तान, तुर्किये, लेबनान, जिबूती, सूडान, सोमालिया, ओमान, फिलिस्तीन, कतर, कुवैत, लीबिया, मिस्र और मॉरिटानिया के विदेश मंत्रियों की ओर से जारी संयुक्त बयान का भी समर्थन किया।
मुस्लिम वर्ल्ड लीग के महासचिव ने फिलिस्तीनी जनता के प्रति इन देशों की एकजुटता की सराहना की। उन्होंने कहा कि फिलिस्तीनियों की तकलीफें कम करने के प्रयासों और उनके वैध अधिकारों के समर्थन में इन देशों का रुख महत्वपूर्ण है।