आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के निमंत्रण पर 23 से 25 सितंबर तक वाशिंगटन की यात्रा करेंगे, जो पिछले चार महीने में दोनों नेताओं के बीच दूसरी मुलाकात होगी। बीजिंग ने इस घटनाक्रम को ‘‘ऐतिहासिक’’ करार दिया है।
चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता गुओ जियाकुन ने सोमवार को यहां संवाददाता सम्मेलन में घोषणा की कि ट्रंप के निमंत्रण पर शी चिनफिंग अमेरिका की तीन दिवसीय यात्रा करेंगे।
गुओ ने कहा कि ट्रंप के साथ बातचीत के दौरान शी चीन-अमेरिका संबंधों के साथ-साथ विश्व शांति और विकास से जुड़े अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा करेंगे।
उन्होंने कहा, ‘‘छह महीने के भीतर दोनों देशों के राष्ट्राध्यक्षों की ये यात्राएं ऐतिहासिक साबित होंगी।’’
दोनों नेता पिछली बार मई में बीजिंग में मिले थे जब ट्रंप की चीन यात्रा के दौरान उन्होंने दुनिया की दो सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाओं के बीच संबंधों को बेहतर बनाने के उद्देश्य से बातचीत की थी।