इंस्टाग्राम ने यौन संकेतों वाली सामग्री पर अंकुश हेतु भारत में सिफारिश प्रणाली को बनाया बेहतर

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 17-11-2026
Instagram improves recommendation system in India to curb sexually suggestive content
Instagram improves recommendation system in India to curb sexually suggestive content

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 अमेरिकी बहुराष्ट्रीय प्रौद्योगिकी कंपनी मेटा प्लेटफॉर्म्स ने मंगलवार को कहा कि उसने यौन संकेतों वाली सामग्री और हिंसक सामग्री की दृश्यता कम करने के लिए भारत में इंस्टाग्राम की सामग्री सिफारिश प्रणाली को बेहतर बनाया है।
 
इसके तहत अधिक उन्नत कृत्रिम मेधा (एआई) मॉडल तैनात किए गए हैं, ताकि अवांछित ‘पोस्ट’ की पहचान कर उन्हें उपयोगकर्ताओं तक पहुंचने से पहले ही छांटा जा सके।
 
कंपनी ने कहा कि भारत के लिए किए गए ये उपाय उन खातों की सामग्री पर लागू होते हैं, जिन्हें उपयोगकर्ता ‘फॉलो’ नहीं करते हैं। ये बदलाव इस बात से संबंधित हैं कि इंस्टाग्राम के एल्गोरिदम किस सामग्री को बढ़ावा देते हैं, न कि उस सामग्री पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाने से।
 
यह घोषणा भारत में सोशल मीडिया के एल्गोरिदम की बढ़ती नियामकीय जांच के बीच आई है।
 
इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने 10 अक्टूबर को जारी एक परामर्श में मेटा से अपनी रैंकिंग तथा सिफारिश प्रणालियों की समीक्षा करने को कहा था, ताकि संभावित रूप से भ्रामक, हेरफेर की गई या संदर्भ से हटाकर पेश की गई सामग्री को असमान रूप से अधिक प्रसारित होने से रोका जा सके।
 
मेटा ने हालांकि यह नहीं बताया कि ये बदलाव सरकार के परामर्श से जुड़े हैं या नहीं।