Modi leads foundation stone-laying ceremony for rebuilding Philippines' oldest gurdwara
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को फिलीपीन के सबसे पुराने गुरुद्वारे में मत्था टेका और इसके पुनर्निर्माण के लिए आधारशिला रखे जाने के समारोह का नेतृत्व किया।
फिलीपीन की तीन दिवसीय यात्रा पर आए मोदी ने मनीला स्थित 100 साल से अधिक पुराने गुरुद्वारा खालसा दीवान में मत्था टेकने के बाद कहा कि वह खुद को ‘‘बहुत धन्य’’ महसूस कर रहे हैं।
इस अवसर पर सीनेटर फ्रांसिस जोसेफ एस्कुडेरो और मनीला शहर के मेयर फ्रांसिस्को इस्को मोरेनो सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे।
विदेश मंत्रालय ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘गुरुद्वारा खालसा दीवान एक सदी से अधिक समय से भारत और फिलीपीन के बीच जीवंत सांस्कृतिक और दोनों देशों के लोगों के बीच आपसी संबंध का प्रतीक रहा है।’’
मोदी ने सोमवार को कहा कि यह गुरुद्वारा आध्यात्मिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है।
उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘गुरु साहिबों की शिक्षाओं से प्रेरित होकर सिख समुदाय ने वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। उन्होंने दूसरों की सेवा करने और एक बेहतर ग्रह के निर्माण में अग्रणी भूमिका निभाई है।’’