पोजा रिका (मेक्सिको)
मेक्सिको में पिछले कुछ दिनों से हो रही लगातार भारी बारिश ने तबाही मचा दी है। देश के विभिन्न हिस्सों में आई बाढ़ और भूस्खलन की घटनाओं में अब तक कम से कम 41 लोगों की जान जा चुकी है। अधिकारियों ने बताया कि बचाव कार्य अभी भी जारी है और 27 लोग लापता हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।
वेराक्रूज राज्य में 6 से 9 अक्टूबर के बीच करीब 540 मिलीमीटर (21 इंच से ज्यादा) बारिश रिकॉर्ड की गई। खाड़ी तट पर स्थित इस राज्य में सबसे ज्यादा 15 मौतें हुई हैं। सेना और नौसेना की टीमें यहां भूस्खलन और बाढ़ के कारण फंसे 42 से ज्यादा इलाकों में राहत और बचाव कार्य में जुटी हैं।
मेक्सिको सिटी से 275 किलोमीटर उत्तर-पूर्व की ओर स्थित तेल नगरी पोजा रिका में बाढ़ आने से पहले किसी तरह की चेतावनी नहीं दी गई थी, जिससे नुकसान और बढ़ गया।
हिडाल्गो राज्य में अब तक 16 लोगों की मौत हो चुकी है और 150 से ज्यादा समुदायों को बिजली की आपूर्ति बाधित होने की समस्या झेलनी पड़ी है। वहीं, पुएब्ला राज्य में कम से कम 9 लोगों की मौत हुई है और 16,000 से अधिक घर क्षतिग्रस्त या पूरी तरह तबाह हो चुके हैं।
क्वेरेटारो राज्य में एक भूस्खलन की घटना में एक बच्चे की जान चली गई।
देश भर में 3.2 लाख से अधिक लोग बिजली की समस्या से प्रभावित हुए हैं। अधिकारियों ने इस भयावह स्थिति के लिए मेक्सिको के पश्चिमी तट पर आए उष्णकटिबंधीय तूफानों ‘प्रिसिला’ और ‘रेमंड’ को जिम्मेदार बताया है।
हालात को देखते हुए राहत और बचाव कार्य तेज कर दिए गए हैं, लेकिन मौसम विभाग ने फिलहाल और अधिक बारिश की संभावना से इनकार नहीं किया है।