एक साल में 47 हजार महिलाओं की हत्या, हर घंटे 5 की मौत; घर ही बना सबसे असुरक्षित जगह!

Story by  ओनिका माहेश्वरी | Published by  onikamaheshwari | Date 27-11-2026
47,000 women murdered in a single year—5 deaths every hour; the home has become the most unsafe place!
47,000 women murdered in a single year—5 deaths every hour; the home has become the most unsafe place!

 

ओनिका माहेश्वरी/ नई दिल्ली  
 
दुनिया तेजी से आधुनिक हो रही है। महिलाएं शिक्षा, विज्ञान, राजनीति, खेल और कारोबार के क्षेत्र में नए मुकाम हासिल कर रही हैं। लेकिन इस तरक्की के बीच महिलाओं की सुरक्षा को लेकर एक ऐसी सच्चाई सामने आई है, जो पूरी दुनिया के लिए चिंता का विषय है। महिलाओं के लिए घर, परिवार और प्रेम संबंध भी कई बार जानलेवा साबित हो रहे हैं। संयुक्त राष्ट्र की एक रिपोर्ट के मुताबिक, वर्ष 2024 में दुनिया भर में लगभग 50 हजार महिलाओं और लड़कियों की हत्या उनके पति, प्रेमी या परिवार के अन्य सदस्यों ने की। इसका अर्थ है कि हर दिन औसतन 137 महिलाओं की जान गई। यानी दुनिया में हर 10 मिनट में एक महिला या लड़की अपने ही किसी करीबी के हाथों मारी गई।
 
संयुक्त राष्ट्र की संस्था UN Women और United Nations Office on Drugs and Crime (UNODC) की नवंबर 2025 में जारी रिपोर्ट 'Femicides in 2024' ने महिलाओं के खिलाफ हिंसा की इस गंभीर तस्वीर को सामने रखा है। रिपोर्ट बताती है कि महिलाओं की हत्या के पीछे केवल अजनबी अपराधी ही नहीं, बल्कि वे लोग भी शामिल हैं जिनसे महिलाएं सुरक्षा, भरोसे और प्यार की उम्मीद करती हैं। 
 
संयुक्त राष्ट्र की नई रिपोर्ट के मुताबिक, एक साल में दुनिया भर में लगभग 47,000 महिलाओं और लड़कियों की हत्या उनके अंतरंग पार्टनर या परिवार के सदस्यों ने की। यानी हर घंटे औसतन पांच महिलाओं की जान गई। सबसे चिंताजनक बात यह है कि इनमें से ज्यादातर हत्याएं घर के भीतर हुईं। यह आंकड़ा केवल हत्या की घटनाओं को नहीं दर्शाता, बल्कि घरेलू हिंसा, महिलाओं पर नियंत्रण, लैंगिक भेदभाव और कमजोर सुरक्षा व्यवस्थाओं की गंभीर समस्या को भी सामने लाता है।
 
83 हजार महिलाओं की हत्या, 50 हजार मामलों में अपने ही निकले जिम्मेदार

रिपोर्ट के अनुसार, वर्ष 2024 में दुनिया भर में लगभग 83 हजार महिलाओं और लड़कियों की जान जानबूझकर ली गई। इनमें करीब 50 हजार की हत्या उनके अंतरंग पार्टनर या परिवार के सदस्यों ने की। कुल महिला हत्याओं में यह हिस्सेदारी लगभग 60 प्रतिशत है। इन आंकड़ों का मतलब है कि हर दिन औसतन 137 महिलाएं और लड़कियां अपने ही परिवार या रिश्तों के भीतर हिंसा का शिकार होकर जान गंवाती हैं। यहां एक महत्वपूर्ण अंतर समझना जरूरी है। रिपोर्ट में 50 हजार का आंकड़ा विशेष रूप से अंतरंग पार्टनर और परिवार के सदस्यों द्वारा की गई हत्याओं का है। यह महिलाओं की सभी तरह की हिंसक मौतों का पूरा वैश्विक आंकड़ा नहीं है। पुरुषों की हत्या के मामलों में तस्वीर अलग है। रिपोर्ट के मुताबिक, पुरुषों की कुल हत्याओं में लगभग 11 प्रतिशत मामले उनके अंतरंग पार्टनर या परिवार के सदस्यों द्वारा किए गए थे। महिलाओं के मामले में यह अनुपात लगभग 60 प्रतिशत है। 
 
 
केस 1: Giulia Cecchettin – पढ़ाई पूरी करने से पहले खत्म कर दी गई जिंदगी
 
नाम: Giulia Cecchettin
उम्र: 22 वर्ष
देश: इटली
आरोपी: पूर्व प्रेमी Filippo Turetta
 
महिलाओं के खिलाफ हिंसा का एक चर्चित मामला इटली की 22 वर्षीय छात्रा जूलिया चेकेटिन का है। नवंबर 2023 में हुई उनकी हत्या ने पूरे इटली को झकझोर दिया था और देश में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर व्यापक बहस छेड़ दी थी। जूलिया बायोमेडिकल इंजीनियरिंग की छात्रा थीं और यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएशन पूरा करने वाली थीं। उनकी जिंदगी में आगे बढ़ने के कई सपने थे। लेकिन उनका पूर्व प्रेमी फिलिपो तुरेट्टा रिश्ते के खत्म होने को स्वीकार नहीं कर पा रहा था।
 
बीबीसी की रिपोर्ट के अनुसार, जूलिया के परिवार ने बाद में उनके लिखे नोट्स साझा किए, जिनमें उन्होंने रिश्ते में नियंत्रण और अधिकार जताने वाले व्यवहार के 15 कारण गिनाए थे। फिलिपो उनसे लगातार संपर्क में रहने, दोस्तों के साथ बाहर न जाने और अपनी गतिविधियों की जानकारी देने की अपेक्षा करता था। 11 नवंबर 2023 को फिलिपो जूलिया को उनकी ग्रेजुएशन की तैयारी के लिए कपड़े खरीदने के बहाने अपने साथ ले गया। उसी रात उसने उनकी हत्या कर दी। करीब एक सप्ताह बाद जूलिया का शव बरामद हुआ और फिलिपो को जर्मनी में गिरफ्तार किया गया।
 
दिसंबर 2024 में वेनिस की अदालत ने फिलिपो तुरेट्टा को उम्रकैद की सजा सुनाई। इस मामले के बाद जूलिया के पिता गिनो और बहन एलेना महिलाओं के खिलाफ हिंसा के विरुद्ध जागरूकता अभियान से जुड़ गए। जूलिया की कहानी ने एक महत्वपूर्ण सवाल खड़ा किया: क्या किसी रिश्ते में प्यार के नाम पर किसी की आजादी, दोस्तों और निजी जिंदगी पर नियंत्रण करना सामान्य व्यवहार माना जाना चाहिए? 
 
केस 2: Kyriaki Griva – सुरक्षा मांगने पुलिस स्टेशन पहुंची, वहीं के बाहर हत्या
 
नाम: Kyriaki Griva
उम्र: 28 वर्ष
देश: ग्रीस
आरोपी: 39 वर्षीय पूर्व प्रेमी
 
ग्रीस की 28 वर्षीय किरियाकी ग्रिवा की कहानी महिलाओं की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाती है। 1 अप्रैल 2024 को किरियाकी एथेंस के एगियोई अनारगिरोई पुलिस स्टेशन पहुंचीं। वह अपने पूर्व प्रेमी के कथित उत्पीड़न से परेशान थीं। इससे पहले भी वह उसके दुर्व्यवहार को लेकर शिकायतें कर चुकी थीं। पुलिस के सामने उन्होंने बताया कि उनका पूर्व प्रेमी उनके घर के आसपास घूम रहा था। उन्होंने सुरक्षा के लिए पुलिस वाहन से घर तक छोड़ने का अनुरोध भी किया। लेकिन पुलिस स्टेशन से बाहर निकलने के कुछ ही समय बाद उनके पूर्व प्रेमी ने उन पर चाकू से हमला कर दिया। वह उस समय पुलिस को फोन कर रही थीं। उनकी मौत हो गई।
 
इस घटना के बाद ग्रीस में पुलिस की कार्यप्रणाली और घरेलू हिंसा से पीड़ित महिलाओं को सुरक्षा देने की व्यवस्था पर सवाल उठे। तत्कालीन पुलिस मंत्री ने मामले की विस्तृत जांच का आदेश दिया। पांच पुलिस अधिकारियों को जांच लंबित रहने तक निलंबित भी किया गया। इस घटना के बाद ग्रीस में घरेलू हिंसा से पीड़ित महिलाओं के लिए सुरक्षित आश्रय स्थलों का नेटवर्क बनाने की घोषणा की गई। किरियाकी का मामला बताता है कि हिंसा की आशंका की शिकायत मिलने के बाद समय पर सुरक्षा उपलब्ध कराना कितना जरूरी है। 
 
दुनिया के किस हिस्से में महिलाओं की स्थिति सबसे चिंताजनक?

UN Women और UNODC की रिपोर्ट के अनुसार, वर्ष 2024 में पार्टनर और परिवार के सदस्यों द्वारा महिलाओं की हत्या के सबसे अधिक मामले अफ्रीका में सामने आए। यहां लगभग 22,600 महिलाओं और लड़कियों की हत्या की गई। इसके बाद एशिया में 17,400, अमेरिका में 7,700, यूरोप में 2,100 और ओशिनिया में लगभग 300 महिलाओं की जान गई। यदि आबादी के अनुपात में महिलाओं की हत्या की दर देखें तो भी अफ्रीका सबसे चिंताजनक स्थिति में है। यहां प्रति एक लाख महिलाओं और लड़कियों पर हत्या की दर 3 रही। वहीं, अमेरिका में यह दर 1.5, ओशिनिया में 1.4, एशिया में 0.7 और यूरोप में 0.5 दर्ज की गई। हालांकि, अफ्रीका सहित कुछ क्षेत्रों में आंकड़ों की उपलब्धता सीमित होने के कारण इन अनुमानों में अनिश्चितता बनी हुई है।
 
इटली में भी लगातार सामने आ रहे हैं ऐसे मामले

इटली में महिलाओं की हत्या के कई मामले चर्चा में रहे हैं। अक्टूबर 2024 में इटली के गृह मंत्रालय के आंकड़ों पर आधारित ANSA की रिपोर्ट के अनुसार, 1 जनवरी से 20 अक्टूबर 2024 के बीच देश में 89 महिलाओं की हत्या दर्ज की गई थी। इनमें 77 हत्याएं पारिवारिक या भावनात्मक रिश्तों के दायरे में हुई थीं। इनमें 48 महिलाओं की हत्या उनके वर्तमान या पूर्व पार्टनर ने की थी। इन मामलों में 70 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं की हत्याएं भी चिंता का विषय बनीं। रिपोर्ट में 72 वर्षीय सेरेनेला मुगनाई और 73 वर्षीय रोसेटा रोमानो जैसी महिलाओं के मामलों का उल्लेख किया गया, जिनकी हत्या उनके पतियों ने की थी। इन घटनाओं से स्पष्ट होता है कि महिलाओं के खिलाफ हिंसा किसी एक उम्र, सामाजिक वर्ग या आर्थिक स्थिति तक सीमित नहीं है। 
 
हिंसा की शुरुआत हमेशा हत्या से नहीं होती

संयुक्त राष्ट्र की रिपोर्ट इस बात पर भी जोर देती है कि महिलाओं की हत्या अक्सर अचानक हुई घटना नहीं होती। कई मामलों में इसके पीछे लंबे समय से चल रहा उत्पीड़न, धमकी, पीछा करना, जबरन नियंत्रण और मानसिक प्रताड़ना होती है। आज डिजिटल दुनिया ने भी इस समस्या को नया रूप दिया है। साइबर स्टॉकिंग, निजी तस्वीरों का दुरुपयोग, ऑनलाइन धमकियां और लगातार डिजिटल निगरानी कई महिलाओं के लिए गंभीर खतरा बन रहे हैं। UN Women की पॉलिसी डिवीजन की निदेशक सारा हेंड्रिक्स के मुताबिक, ऑनलाइन शुरू होने वाली हिंसा वास्तविक दुनिया में भी खतरनाक रूप ले सकती है। इसलिए हिंसा के शुरुआती संकेतों को पहचानना और समय रहते हस्तक्षेप करना जरूरी है। 

यह हिंसा क्यों जारी है?

घरेलू हिंसा और रिश्तों में जबरन नियंत्रण।

महिलाओं की शिकायतों को गंभीरता से नहीं लेना।

धमकियों और उत्पीड़न के मामलों में समय पर कार्रवाई न होना।

सामाजिक और आर्थिक निर्भरता।

पीड़ित महिलाओं के लिए सुरक्षित आश्रय और कानूनी सहायता की कमी।

महिलाओं के खिलाफ हिंसा को सामान्य मानने वाली सामाजिक सोच।

 
महिलाओं की सुरक्षा के लिए क्या जरूरी है?

संयुक्त राष्ट्र ने महिलाओं के खिलाफ हिंसा और हत्याओं को रोकने के लिए कई महत्वपूर्ण कदमों पर जोर दिया है। घरेलू हिंसा की शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई। पीड़ित महिलाओं को सुरक्षित आश्रय और कानूनी सहायता। हिंसा के पुराने मामलों और धमकियों को गंभीरता से लेना। महिलाओं की डिजिटल सुरक्षा मजबूत करना। आरोपियों के खिलाफ प्रभावी कानूनी कार्रवाई। स्कूलों और समाज में लैंगिक समानता और सम्मान को बढ़ावा देना। रिपोर्ट के अनुसार, कई देशों में महिलाओं की हत्या से संबंधित आंकड़े दर्ज करने की व्यवस्था भी पर्याप्त नहीं है। खासकर घर के बाहर लैंगिक कारणों से होने वाली हत्याओं का पूरा वैश्विक आकलन अभी संभव नहीं है। 
 
सवाल सिर्फ कानून का नहीं, महिलाओं की आजादी और सम्मान का भी है

जूलिया चेकेटिन और किरियाकी ग्रिवा की कहानियां दो अलग-अलग देशों की हैं, लेकिन इनमें एक समानता है। दोनों महिलाओं की जिंदगी ऐसे रिश्तों में हिंसा का शिकार हुई, जहां उन्हें सम्मान और सुरक्षा मिलनी चाहिए थी। इन मामलों को केवल अपराध की खबर मानकर भूल जाना समस्या का समाधान नहीं है। जरूरत इस बात की है कि महिलाओं की शिकायतों को गंभीरता से सुना जाए, उनके फैसलों और स्वतंत्रता का सम्मान किया जाए और हिंसा के शुरुआती संकेतों पर कार्रवाई हो। संयुक्त राष्ट्र के आंकड़े एक कड़वी सच्चाई बताते हैं दुनिया में हर 10 मिनट में एक महिला या लड़की अपने किसी करीबी के हाथों जान गंवा रही है। ऐसे में महिला सुरक्षा केवल महिला अधिकारों का मुद्दा नहीं, बल्कि मानवाधिकार, न्याय और सामाजिक जिम्मेदारी का सवाल है।