आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
जेसन होल्डर का मानना है कि गुजरात टाइटन्स ने अभी तक अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन नहीं किया है लेकिन इसके बावजूद वह मैच जीत रहा है और इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के प्लेऑफ में जगह बनाने की दौड़ में बना हुआ है।
होल्डर ने पंजाब किंग्स के खिलाफ चार विकेट लेकर गुजरात की पांच विकेट से जीत में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने इस बात पर खुशी व्यक्त की कि टीम व्यक्तिगत प्रदर्शन के बजाय सामूहिक प्रयास से जीत हासिल कर रही है।
होल्डर में मैच के बाद पत्रकारों से कहा, ‘‘हम जिस तरह से खेल रहे हैं उसकी खूबसूरती यह है कि हम किसी भी मैच में केवल एक खिलाड़ी के प्रदर्शन पर निर्भर नहीं हैं और अलग-अलग दिनों में अलग-अलग खिलाड़ी अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि हमने अभी तक शायद अपना सर्वश्रेष्ठ खेल नहीं खेला है, लेकिन इसकी खूबसूरती यह है कि हम तब भी जीत हासिल करके दो अंक हासिल कर रहे हैं।’’
गुजरात इस मैच में बड़ी जीत हासिल कर सकता था लेकिन उसने एक गेंद शेष रहते हुए लक्ष्य हासिल किया। होल्डर ने हालांकि नेट रन-रेट को लेकर चिंतित होने के बजाय दो अंक हासिल करने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि पहली प्राथमिकता हमेशा मैच जीतना होती है। अगर हम ऐसी स्थिति में होते हैं जहां परिस्थितियां अनुकूल हों तो हम नेट रन-रेट के बारे में सोच सकते हैं। मुझे लगता है कि हम ऐसा करेंगे।’’