Savita has been included in the Time 100 Next India list for the first time.
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
भारतीय महिला हॉकी टीम की गोलकीपर सविता को पहली बार जारी ‘टाइम 100 नेक्स्ट’ भारत सूची में शामिल किया गया है। इस सूची में देश के भविष्य को आकार देने में योगदान देने वाली विभिन्न क्षेत्रों की 100 हस्तियों को जगह दी गई है।
सविता को इस सूची की ‘लीडर्स’ (नेतृत्वकर्ता) श्रेणी में शामिल किया गया है। टाइम ने पहली बार भारत के लिए यह सूची जारी की है।
पद्मश्री से सम्मानित सविता के अलावा इस सूची में कई अन्य प्रमुख खिलाड़ियों को भी जगह मिली है। इनमें क्रिकेटर हरमनप्रीत कौर और वैभव सूर्यवंशी, मुक्केबाज लवलीना बोरगोहेन, भारोत्तोलक मीराबाई चानू, विश्व शतरंज चैंपियन डी गुकेश और पूर्व टेनिस स्टार सानिया मिर्जा शामिल हैं।
सविता ने हॉकी इंडिया की ओर से जारी बयान में कहा, ‘‘यह बेहद सम्मान की बात है। देश के भविष्य में अलग-अलग तरीकों से योगदान देने वाली इतनी प्रेरणादायक हस्तियों के बीच शामिल होकर मैं खुद को गौरवान्वित और कृतज्ञ महसूस कर रही हूं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘यह सम्मान सिर्फ मेरा नहीं है, बल्कि भारतीय हॉकी, मेरी साथी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और उन सभी लोगों का है जिन्होंने मेरी इस यात्रा में मेरा साथ दिया है। मुझे उम्मीद है कि इससे अधिक युवा लड़कियों को खेल अपनाने, बड़े सपने देखने और यह विश्वास करने की प्रेरणा मिलेगी कि वे भी सबसे बड़े मंच पर बदलाव ला सकती हैं।’’