मुंबई
ICC Men's T20 World Cup में नेपाल ने इतिहास रचते हुए स्कॉटलैंड को 7 विकेट से हराकर अपनी पहली जीत दर्ज की। वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में कप्तान Rohit Paudel ने टीम के जज़्बे और डिपेंद्र सिंह ऐरी के शानदार प्रदर्शन की जमकर सराहना की।
मैच के बाद रोहित पौडेल ने कहा, “यह जीत मेरे लिए बहुत खास है। बतौर कप्तान यह मेरा दूसरा वर्ल्ड कप है और लीग चरण के आखिरी मैच में पहली जीत हासिल करना टीम के आत्मविश्वास के लिए बेहद जरूरी था। डिपेंद्र ने टीम का नेतृत्व किया और जीत दिलाई।”
नेपाल की इस जीत के नायक Dipendra Singh Airee रहे, जिन्होंने 24 गेंदों में नाबाद 50 रन बनाकर मैच को नेपाल की झोली में डाल दिया। उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया। ऐरी ने कहा, “पिछले वर्ल्ड कप में हम एक भी मैच नहीं जीत पाए थे। इसलिए यह जीत हमारे लिए बेहद अहम है। इंग्लैंड के खिलाफ मैच से हमने बहुत कुछ सीखा।”
इससे पहले स्कॉटलैंड ने तेज शुरुआत करते हुए पावरप्ले में 52 रन बना लिए थे। माइकल जोन्स ने 45 गेंदों पर 71 रन की आक्रामक पारी खेली। हालांकि 16वें ओवर में सोमपाल कामी ने दो विकेट लेकर मैच का रुख पलट दिया। नेपाल ने स्कॉटलैंड को 20 ओवर में 170/7 पर रोक दिया। कामी ने 4 ओवर में 25 रन देकर 3 विकेट झटके।
171 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए नेपाल के ओपनर कुशल भुर्तेल (43) और आसिफ शेख ने मजबूत शुरुआत दी। दोनों ने पहले विकेट के लिए 74 रन जोड़े। बाद में ऐरी और गुलशन झा (24*) ने चौथे विकेट के लिए नाबाद 73 रन की साझेदारी कर टीम को 19.2 ओवर में जीत दिला दी।
स्कॉटलैंड के कप्तान Richie Berrington ने भी नेपाल की तारीफ करते हुए कहा, “डिपेंद्र ने मैच का रुख बदल दिया। 170 का स्कोर प्रतिस्पर्धी था, लेकिन एक पारी ने पूरा खेल बदल दिया।”नेपाल की यह जीत न सिर्फ ऐतिहासिक है, बल्कि वैश्विक मंच पर उभरती क्रिकेट ताकत के रूप में उसकी पहचान को भी मजबूत करती है।





