आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
भारतीय पुरुष हॉकी टीम बुधवार से यहां बेल्जियम और अर्जेंटीना के खिलाफ होने वाले एफआईएच प्रो लीग में अपने अभियान की शानदार शुरुआत करने के लिए प्रतिबद्ध होगी क्योंकि पिछली बार वह आठवें स्थान पर रही थी।
भारत बुधवार को मजबूत बेल्जियम के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगा, जिसके बाद गुरुवार को उसका अर्जेंटीना से मुकाबला होगा। भारतीय टीम शनिवार को एक बार फिर बेल्जियम का सामना करेगी और रविवार को अर्जेंटीना के खिलाफ अपने अभियान का समापन करेगी।
अंतरराष्ट्रीय स्तर के अनुभवी खिलाड़ियों और युवा प्रतिभाओं के संतुलित मिश्रण वाली भारतीय टीम दुनिया की शीर्ष रैंकिंग वाली दो टीमों के खिलाफ परिस्थितियों का लाभ उठाने की कोशिश करेगी।
भारत ने प्रो लीग में अभी तक अपना अभियान शुरू नहीं किया है, जबकि अर्जेंटीना और बेल्जियम दोनों ही सत्र की शानदार शुरुआत के बाद राउरकेला पहुंचे हैं।
अर्जेंटीना फिलहाल 11 अंकों के साथ तालिका में दूसरे स्थान पर है। उसने अब तक चार मैच खेले हैं, जिनमें से तीन में उसने निर्धारित समय में और एक में शूटआउट में जीत दर्ज की।
बेल्जियम चार मैचों में 10 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर है, जिसमें उसने निर्धारित समय के अंदर तीन मैच में जीत हासिल की लेकिन शूटआउट तक खिंचे एक अन्य मैच में उसे हार का सामना करना पड़ा था।
भारत का हाल के वर्षों में बेल्जियम के खिलाफ प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा है। इन दोनों टीमों के बीच 2013 से 35 मैच खेले गए हैं। इनमें बेल्जियम ने 22 मैच और भारत ने 11 मैच जीते हैं जबकि दो मैच ड्रॉ पर समाप्त हुए हैं।