नई दिल्ली
भारत के मुख्य न्यायाधीश (सीजेआई) न्यायमूर्ति सूर्यकांत और पूर्व भारतीय क्रिकेट कप्तान कपिल देव मंगलवार को नई दिल्ली के सिरी फोर्ट स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित पहले श्रीमती शशि प्रभा सिंह मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट 2026 के उद्घाटन समारोह में शामिल हुए।
इस अवसर पर सीजेआई इलेवन और सुप्रीम कोर्ट मीडिया इलेवन के बीच उद्घाटन मुकाबला भी खेला गया। टूर्नामेंट के साथ ही योग्य महिला अधिवक्ताओं को प्रोत्साहित और सशक्त बनाने के उद्देश्य से स्मृति पुरस्कारों की शुरुआत भी की गई।
मैच से पहले पत्रकारों से बातचीत में मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत ने क्रिकेट टूर्नामेंट में मीडिया पेशेवरों और न्यायाधीशों की भागीदारी पर खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि उन्हें यह देखकर अच्छा लगा कि मीडिया जगत में भी ऐसे लोग हैं, जिनकी क्रिकेट में गहरी रुचि है। कई न्यायाधीश भी इस खेल को पसंद करते हैं।
उन्होंने दोनों टीमों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सभी खिलाड़ियों को अपनी ओर से सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना चाहिए, ताकि उनकी टीम जीत हासिल कर सके।
सीजेआई इलेवन की जीत को लेकर भरोसा जताते हुए न्यायमूर्ति सूर्यकांत ने मजाकिया अंदाज में कहा कि उनकी टीम में बेहतरीन बल्लेबाज शामिल हैं। उन्होंने कहा कि मीडिया इलेवन का टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला भी उनकी टीम के पक्ष में गया है।
उन्होंने विश्वास जताया कि सीजेआई इलेवन यह मुकाबला जीतेगी। हालांकि, उन्होंने दोनों टीमों को अपनी शुभकामनाएं भी दीं।