बदलते अफगानिस्तान के सच

Story by  हरजिंदर साहनी | Published by  [email protected] | Date 23-11-2026
The Realities of a Changing Afghanistan
The Realities of a Changing Afghanistan

 

f

हरजिंदर

इस समय अफगानिस्तान खबरों में नहीं है। पांच साल पहले इसी नवंबर के महीने में जब बची-खुची अमेरिकी फौज को काबुल से सर पर पैर रखकर भागना पड़ा था उसके भविष्य को लेकर तमाम आशंकाएं थीं।आज अगर अफगानिस्तान खबरों में नहीं है तो इसका एक अर्थ यह भी है कि उसने अनहोनी की बहुत सारी आशंकाओं को गलत तो साबित कर ही दिया है। याद कीजिए इसके पहले कब ऐसा हुआ था कि अफगानिस्तान साल भर भी खबरों में न रहा हो।

यह सच है कि वहां की तालिब सरकार के खाते में बहुत सारी उपलब्धियां नहीं है। या शायद बहुत कम ही उपलब्धियां हैं जो गिनाई जा सकें। लेकिन इस दौरान यह मुल्क अस्थिरिता और अव्यवस्था से बाहर आ चुका है। इसके पहले तक अस्थिरिता और अव्यवस्था ही उसकी पहचान बन गए थे।

ff

सत्ता जब तालिबान के हाथ आई थी उसके छह महीने बाद ही इस तरह की खबरें आ रहीं थीं कि अफगानिस्तान भुखमरी के कगार पर पहंुचने वाला है। भारत समेत दुनिया के बहुत से देशों ने वहां खाद्य सामग्री भेजी थी। लेकिन अब इस तरह की खबरें अफगानिस्तान से नहीं आ रहीं, उपलब्धि न सही इसे कम से कम कामयाबी के रूप में तो दर्ज कर ही लिया जाना चाहिए।

पिछले पांच साल का जिक्र करते हुए एजेंसी की कुछ खबरों में यह भी बताया गया है कि अब वहां के लोग एक शहर से दूसरे शहर में आसानी से आते-जाते हैं।  पहले काबुल में ही एक इलाके से दूसरे इलाके में जाने से डर लगता था।

एक आशंका यह जरूर जताई जा रही है कि देश के बहुत से ऐसे कबीलाई समुदाय हैं जिन्हें सरकार में नुमाइंदगी नहीं मिली है। उनका असंतोष कभी भी फूट सकता है। बेशक यह भी एक आशंका ही है और शांतिभंग के संकेत अभी कहीं नहीं हैं।

इसके आगे अफगानिस्तान की आर्थिक स्थिति अच्छी है यह किसी भी तरह से नहीं कहा जा सकता। शांति भले ही आई हो लेकिन निवेश वहां नहीं हो रहा है। कुछ मामलों में वहां के लोगों ने भले ही राहत की सांस ली हो लेकिन अफगानिस्तान को एक आधुनिक अर्थव्यवस्था बनाने का काम अभी शुरू भी नहीं हुआ है।

जहां तक अंतर्राष्ट्रीय रिश्तों का मामला है अफगानिस्तान की पहंुच अभी तक पड़ोसी देशों और पश्चिम एशिया के देशों तक ही सीमित है। सबसे नजदीकी पड़ोसी पाकिस्तान से रिश्ते लगातर बिगड़ रहे हैं और इसी दौरान वह भारत के करीब आता जा रहा है।

अंतर्राष्ट्रीय व्यापार के लिए उसके पास सबसे नजदीकी बंदरगाह ईरान का चाबहार है जो भारत के सहयोग से ही बन रहा है।अफगानिस्तान ने रूस और चीन से भी संबंध बनाने की कोशिश की है। लेकिन पाकिस्तान की वजह से चीन से बात आगे नहीं बढ़ पा रही। बाकी दुनिया के लिए उसकी खिड़कियां और दरवाजे अभी भी बंद हैं।

तालिबान ने हर तरह की तालीम को फिर से पटरी पर लाने की कोशिश शुरू कर दी है। लेकिन अभी इसके दायरे बहुत सीमित हैं और औरते इससे पूरी तरह बाहर हैं।तालीम ही नहीं पूरी सार्वजनिक जीवन से ही औरतें बाहर हैं।

यहां तक कि छोटी बच्चियों के पास भी वे अधिकार नहीं हैं जो दुनिया भर मेें उन्हें मिलते हैं। सबसे बड़ा संकट वहां महिला डाॅक्टरों का न होना है जो आगे चलकर भारी परेशानी का कारण बन सकता है।

ff

यह ठीक है अफगानिस्तान ने पिछले पांच साल में जिस शांति और स्थिरिता को कायम किया है वहां कईं दशकों से नदारत थी। लेकिन भविष्य इस बात पर निर्भर करेगा कि अफगानिस्तान इस शांति का इस्तेमाल खुद को आधुनिक देश बनाने के लिए किस हद तक कर पाता है। 

( लेखक वरिष्ठ पत्रकार हैं)

ALSO READ लोकतंत्र ने खोला नया रास्ता