प्रमोद जोशी
भारत और पाकिस्तान के बीच कितनी भी तल्खी और बदमज़गी हो, पर जब बात सांस्कृतिक-पहचान की होती है, तब माहौल बदल जाता है. पिछले हफ्ते दिल्ली में पाकिस्तान के जलवायु परिवर्तन मंत्री मुसद्देक मसूद मलिक की बातों की अनुगूँज सरहद के दोनों तरफ से सुनाई पड़ी है,
कुछ पर्यवेक्षक इसे दोनों देशों के बीच संबंधों में सुधार की उम्मीद के रूप में भी देख रहे हैं, पर सच यह है कि भावुक बातों से संबंधों में सुधार नहीं होगा. रिश्तों की बर्फ पिघलाने के लिए इतनी गरमाहट काफी नहीं है.
नई दिल्ली में हुए शंघाई कोऑपरेशन ऑर्गनाइज़ेशन (एससीओ) के सभ्यतागत संवाद फ़ोरम में शामिल हुए मेहमान मंत्री की तरफ़ से ‘इस इवेंट को 'तहज़ीब की गुफ़्तगू' या सभ्यताओं का संवाद बताने के लिए तारीफ़ के रिकॉर्ड में रखा गया.’ यह कार्यक्रम बेशक अपने पीछे भीनी सी खुशबू छोड़ गया है, पर सवाल है कि क्या दोनों देशों के रिश्तों में सुधार होगा?
इतिहास की परतें
शुक्रवार को संस्कृति मंत्री गजेंद्र शेखावत के साथ बातचीत में मलिक ने कहा था, ‘इतिहास और संस्कृति की परतें हज़ारों सालों से इस इलाके की जीवनशैली का एक ज़रूरी हिस्सा रही हैं.’यह सम्मेलन दिल्ली के पुराने किले में हुआ था, जिसकी खुदाई के दौरान मिले अलग-अलग समय के पुरातात्त्विक अवशेषों का ज़िक्र करते हुए मलिक ने कहा कि जिस किले में प्रतिनिधि बैठे हैं, वह अपने आप में एक कहानी है.शनिवार को अपने बयान में मलिक ने उर्दू में कहा, ‘बाहर से आने वाली तहज़ीबों और लोगों से दिल्ली कम नहीं हुई है, बल्कि और मजबूत हुई है.’
ग़ालिब और तक्षशिला
दक्षिण एशिया और सेंट्रल एशिया के बीच साझा सांस्कृतिक सूत्रों को रेखांकित करने के लिए गालिब, तक्षशिला, गांधार और मोहेनजोदड़ो का ज़िक्र करते हुए, उन्होंने प्रतिनिधियों को पाकिस्तान में हड़प्पा और मोहेनजोदड़ो (मुअन जो दड़ो या मुइन जो दड़ो) आने का निमंत्रण भी दिया.
मुसद्देक़ मलिक ने कहा, बड़ा अजीब सा लगा कि चंद कोस दूर ग़ालिब के मक़बरे से यहाँ बैठ कर मैं अंग्रेज़ी में बात कर रहा हूँ. जी में यही समाया कि आज आपसे अपने दिल की आवाज़ उर्दू में बात करूँ.उन्होंने कहा, और कैसी अजीब सी बात है कि ग़ालिब, जिनके दादा हुज़ूर समरक़ंद से तशरीफ़ लाए थे, यहाँ निज़ाम उद्दीन साहब के पहलू में उनकी तदफ़ीन है.

राजनीति की सख्त ज़मीन
संस्कृति की नर्म ज़मीन के मुकाबले राजनीतिक-रिश्तों का धरातल कठोर होता है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 20 नवंबर को इस फोरम का उद्घाटन किया था. सभ्यतागत-संवाद उनके सुझाव पर ही हो रहा था. मोदी की पहल पर बनाया गया यह फ़ोरम, सॉफ्ट-पावर स्टेटक्राफ्ट की एक कोशिश है, जिसमें भारत ने, एससीओ को उस ऐतिहासिक सूत्र से जोड़ दिया है, जिसमें भारत की अपनी सभ्यतागत छाप भी है.
अब भारत को तय करना है कि अगले साल अगस्त में पाकिस्तान में होने वाले एससीओ शिखर सम्मेलन में प्रधानमंत्री मोदी शामिल होंगे या नहीं. सच यह है एक पाकिस्तानी मंत्री तीन साल बाद भारत दौरे पर आए, और दोनों देशों के बीच सन्नाटा है. पाकिस्तान को एससीओ के सदस्य देश के रूप में आमंत्रित करना भारत की ज़िम्मेदारी थी. यह ख़ुश्क-औपचारिकता है, फिर भी कुछ फूल खिल गए.
सिंधु-जल संधि
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने हाल में संयुक्त राष्ट्र महासभा, यूरोपियन यूनियन और शंघाई सहयोग संगठन के मंचों पर सिंधु-जल संधि को स्थगित रखने के भारत के फैसले का विरोध किया है. वे बार-बार कह रहे हैं कि भारत पानी को रोकने की कोशिश करेगा, तो इसे युद्ध माना जाएगा.
शरीफ ने कहा कि भारत के दावों को संरा के विशेषज्ञों और कोर्ट ऑफ आर्बिट्रेशन ने खारिज कर दिया है. भारत ने इस कोर्ट की कार्यवाही में हिस्सा नहीं लिया था, क्योंकि वह बुनियादी तौर पर उसे बदलना चाहता है. भारत ने पानी की माँग में बदलाव का हवाला देते हुए संधि पर पूरी तरह से फिर से बातचीत करने का भी प्रस्ताव किया है. पाकिस्तान ने इस ऑफर का जवाब नहीं दिया है.
अलबत्ता दिल्ली में मुसद्देक मलिक ने कहा, हम सिंधु जल संधि पर तभी चर्चा करेंगे, जब हमें इसके लिए औपचारिक रूप से आमंत्रित किया जाएगा. फिलहाल आपने मुझे सिंधु जल संधि पर चर्चा करने के लिए आमंत्रित नहीं किया है.'जब उनसे पूछा गया कि क्या इस तरह के संपर्कों से पाकिस्तान और भारत के बीच संबंधों में सुधार हो सकता है, तो उन्होंने कहा: मुझे पूरा भरोसा है कि हमारे रिश्ते बेहतर होंगे.
#WATCH | Panaji, Goa | On Pakistan Minister Musadik Masood Malik's visit to India for the SCO Summit, Former MoS MEA MJ Akbar says, "There is more evidence for the fact that Pakistan is an artificial state. Even its national language, Urdu, doesn't really belong to Pakistan. The people of Pakistan—and Pakistan's provinces—speak Pashto, Punjabi, Balochi, and Sindhi. That is present-day Pakistan, and indeed in 1971, the Bengali speakers of Pakistan rebelled, rose up, and demanded and got their own state in the name of Bengali because they speak Bengali. Nobody in Pakistan actually speaks Urdu, though they write in Urdu. Urdu is the language of the Ganga and Yamuna. Urdu is the language of the Deccan as Rekhta. In fact, I don't doubt that the founder of Pakistan, Jinnah, knew even a word of it. But an artificial state has actually hijacked a language in order to create a cultural structure that is inherently not only unstable, but is visibly cracking in front of us...The presence of Pakistan at a cultural summit of the SCO is a bit of an anomaly because Pakistan is not a civilizational state. Any state that exists on the Indus River and denies the Indus Valley Civilisation—denies Harappa, denies Mohenjo-daro as part of its cultural inheritance—cannot be a civilisation, cannot be a civilizational state. And this indeed is one of the important reasons why Pakistan continues to be an unstable, jittery state. If civilisation is the basis of stability—instead, Pakistan has developed, according to the words of its own de facto leader, Field Marshal Munir, into a supremacist state: a state that does not believe in cultural synthesis, but believes in the cultural supremacy of one section of the people. The Pakistani minister who has come to India will understand what cultural synthesis means if he sees India properly—through the eyes of humanity rather than through the eyes of a sectional and supremacist ideology. India is a genuine civilizational state in which every temple, every mosque, every gurdwara, every church, every language, and everyone is equal. That is the root of India's power, strength, and stability. And that is why Prime Minister Modi said that while empires might change maps, only civilizational dialogue changes the world"
— ANI (@ANI) November 21, 2026
कौन पहल करे?
दोनों देशों के रिश्तों में सामान्यीकरण के लिए सबसे पहला कदम उच्चायुक्तों की नियुक्ति होना चाहिए. दोनों ने अपना-अपने उच्चायुक्तों को वापस बुला लिया है. इसके अलावा दोनों के बीच जो भी छोटा सा आपसी व्यापार होता था, उसे भी खत्म कर दिया है. सांस्कृतिक आदान-प्रदान खत्म है और वीज़ा तथा आवागमन की गतिविधियाँ बहुत मुश्किल हैं.
इन्हें सुधारे बगैर रिश्तों के सामान्य होने की उम्मीद करना सही नहीं होगा. यह सब भी बैकरूम बातचीत से ही होगा. ऐसा कोई संपर्क है या नहीं, कहना मुश्किल है. हाल में दोनों देशों के कुछ प्रमुख नागरिकों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ को खुला पत्र लिखकर व्यापार, वीज़ा सेवाओं और क्रिकेट जैसी गतिविधियों को फिर से शुरू करने का आग्रह किया है, लेकिन भारत का स्पष्ट रुख रहा है कि आतंकवाद और बातचीत साथ-साथ नहीं चल सकते.
पाकिस्तानी असमंजस
पहल पाकिस्तान को ही करनी होगी, क्योंकि राजनयिक और व्यापारिक रिश्ते तोड़ने की पहल उसकी तरफ से ही हुई है, उसे वापस लेना होगा. यह भी साफ है कि कश्मीर में 370 की वापसी अब संभव नहीं है. फरवरी 2021 में इमरान खान प्रधानमंत्री थे, तब रिश्ते सुधारने की एक कोशिश हुई थी. 31 मार्च को पाकिस्तानी इकोनॉमिक कोऑर्डिनेशन कौंसिल ने भारत से चीनी और कपास मँगाने का फैसला किया, तो लगा कि रिश्तों को बेहतर बनाने का यह उसका पहला कदम है.
इसके पहले नरेंद्र मोदी ने 23 मार्च को ‘पाकिस्तान दिवस’ पर इमरान खान को बधाई का पत्र भेजा कि पाकिस्तान के साथ भारत दोस्ताना रिश्ते चाहता है. साथ ही यह भी कि दोस्ती के लिए आतंक मुक्त माहौल जरूरी है.जवाब में इमरान खान की चिट्ठी आई, 'हमें भरोसा है कि शांति और स्थिरता के लिए दोनों देश सभी मुद्दों को सुलझा लेंगे, खासकर जम्मू-कश्मीर को सुलझाने लायक बातचीत के लिए सही माहौल बनना जरूरी है.'
दोनों पत्रों में रस्मी बातें थीं, पर दोनों ने अपनी सैद्धांतिक शर्तों को भी लिख दिया था. फिर भी लगा कि माहौल ठीक हो रहा है. उसके पहले 26 फरवरी से नियंत्रण रेखा पर और अखबारों में बयानों की गोलाबारी रुकी हुई थी.
उस वक्त यूएई ने बीच में पड़कर माहौल बदला था. आंशिक-व्यापार शुरू करने की खबरें आते ही पाकिस्तानी कैबिनेट ने फैसले को रोक दिया और कहा कि जब तक भारत 5 अगस्त, 2019 के फैसले को रद्द करके जम्मू-कश्मीर में 370 की वापसी नहीं करेगा, तब तक कारोबार नहीं होगा. वह तेज यू-टर्न था.
बीती बातें भुलाएँ
प्रधानमंत्रियों की चिट्ठियों के पहले 17 मार्च को इमरान खान ने पाकिस्तान के थिंकटैंक नेशनल सिक्योरिटी डिवीजन के ‘इस्लामाबाद सिक्योरिटी डायलॉग’ का उद्घाटन करते हुए कहा, हम भारत से रिश्तों को सुधारने की कोशिश कर रहे हैं.
बाद में उसी कार्यक्रम में पाकिस्तान के तत्कालीन जनरल क़मर जावेद बाजवा ने ‘बीती बातों को भुलाने’ की सलाह दी थी. अतीत की भारत-पाकिस्तान वार्ताओं में ‘कांफिडेंस बिल्डिंग मैजर्स (सीबीएम)’ का सबसे ज्यादा इस्तेमाल होता है.
इस सीबीएम का रास्ता आर्थिक है. बाजवा ने उसपर जोर दिया. दोनों के आर्थिक-सहयोग की जबर्दस्त सम्भावनाएं हैं, पर पाकिस्तान का ‘कश्मीर कॉज़’ आड़े आता है.नियंत्रण रेखा पर व्यापार फिर से शुरू होने पर हालात बड़ी तेजी से सुधरेंगे. दोनों देशों के बीच व्यापार की जबर्दस्त सम्भावनाएं हैं. इससे दोनों को फायदा होगा, लोगों का आना-जाना बढ़ेगा.
दोनों देश संगीत, सिनेमा, क्रिकेट, हॉकी और टीवी धारावाहिकों के अलावा शादी के जोड़ों, सलवार-कमीजों, खान-पान, आयुर्वेदिक और यूनानी दवाओं, मिर्च-मसालों और अचारों के मार्फत ही नहीं जुड़े हुए हैं. सगे भाई-बहनों, मामा-भांजों, चचा-भतीजों वगैरह-वगैरह के मार्फत जुड़े हैं.
पृष्ठभूमि
जिस समय 1947-48 में कश्मीर पर पाकिस्तानी हमला चल रहा था, तब तक चीन में कम्युनिस्ट क्रांति नहीं हुई थी. पर उसके बाद, चीन ने व्यापार के मकसद से पाकिस्तान से जोड़ने वाली एक सड़क बना ली है. साठ के दशक में पाकिस्तान को चीन के रूप में एक स्वाभाविक मित्र मिल गया है, जिससे भारत के लिए यह और भी मुश्किल और चुनौतीपूर्ण हो गया है.
संभवतः 1962 के भारत-चीन युद्ध के बाद पाकिस्तानी नेतृत्व को समझ में आया कि कश्मीर पर कब्ज़ा करने का यह अच्छा मौका है. उसके दो साल पहले भारत और पाकिस्तान के बीच सिंधु जलसंधि हो गई थी. 1960 में हुई इस संधि के पीछे भारत की मंशा दोनों देशों के बीच दोस्ताना रिश्तों को कायम करने की ही थी. भारत चाहता था कि पाकिस्तान के मन में यह डर नहीं रहे कि कभी पानी बंद भी किया जा सकता है.
विश्व बैंक की भूमिका
यह संधि विश्व बैंक की मध्यस्थता में हुई थी. 19 सितंबर, 1960 को जवाहरलाल नेहरू और पाकिस्तान के राष्ट्रपति अयूब खान ने सिंधु जल संधि पर दस्तखत किए थे. विश्व बैंक क्यों चाहता था कि यह संधि हो? हालांकि, विश्व बैंक के पास संधि को लागू कराने या भविष्य में इसका पालन पक्का करने का कोई अधिकार नहीं था, फिर भी उसकी मध्यस्थता महत्त्वपूर्ण थी.
वस्तुतः वह शीतयुद्ध का समय था. एक बड़ी योजना के तहत अमेरिका, विकासशील देशों में कम्युनिस्ट विद्रोह की संभावना को रोकने के लिए सक्रिय एक्टिव था. विश्व बैंक अपने सामुदायिक विकास कार्यक्रमों और ऐसे ही दूसरे प्रोजेक्ट्स को बढ़ावा देने में काफी तेजी से काम कर रहा था. बैंक ने भारत सरकार के अलग-अलग बदलाव लाने वाले कामों की जाँच करने के लिए अपने स्पेशलिस्ट भी भेजे थे.
पानी का महत्त्व
जब संधि पर दस्तखत हुए थे, तब भारत का औद्योगिक और कृषि विकास शुरू हुआ ही था. पानी का महत्त्व भी बढ़ रहा था, पर उस समय पंजाब में पानी काफी उपलब्ध था. उसकी ज़रूरत 1966-1967 में हरित-क्रांति के बाद बढ़ी. पंजाब में जो भी नई फसलें आईं, उनमें बहुत ज़्यादा पानी लगता था.
एक दशक के अंदर, जब सरकार ने सतलुज-यमुना लिंक कैनाल नाम की एक नई कैनाल बनाने का प्लान बनाया, तो पंजाब के लोगों ने इसका विरोध किया क्योंकि पंजाब में पानी की ज़रूरत बढ़ गई थी. भारत में भी उस समय से ही पानी को लेकर अंतर-राज्य झगड़े बढ़े हैं.

पाकिस्तान की ज़रूरत
सिंधु-जल संधि पाकिस्तान की ज़रूरत थी, भारत की नहीं. भारत ने वह संधि ही नहीं की, बल्कि रिश्तों को सुधारने का और विश्वास कायम करने का बड़ा कदम उठाया था. वह भारत की सदाशयता थी. अब पाकिस्तान की मंशा पर नज़र डालें. संधि के बाद क्या हुआ? 1962 के भारत-चीन युद्ध के बाद पाकिस्तान को लगा कि भारत की स्थिति कमज़ोर हो रही है. उसने 1963 में शक्सगम घाटी की 5,189 किमी जमीन चीन को तोहफे में दे दी.
क्या 1960 की जल-संधि की यही भावना थी? उधर चीन ने लद्दाख के अक्साई चिन पर पहले ही कब्ज़ा कर रखा था. इस तरह से पाकिस्तान ने एक तीर से दो शिकार कर लिए. इतना ही नहीं काफी नहीं था. अगस्त 1965 में पाकिस्तान ने जम्मू-कश्मीर में 'ऑपरेशन जिब्राल्टर' नामक खुफिया अभियान चलाया. इसमें हजारों पाकिस्तानी सैनिकों ने कश्मीरी वेशभूषा में घुसपैठ की, जिसका मुख्य उद्देश्य स्थानीय लोगों को भड़का कर भारत के खिलाफ विद्रोह पैदा करना था. वह अभियान विफल हुआ, और अंततः 1965 के पूर्ण युद्ध का कारण बना. इसके बाद 1999 में करगिल हुआ और 2008 में मुंबई हमला. यह क्रम खत्म नहीं हुआ है.

ALSO READ गर्दो-गुबार के बीच से समझौतों की आहटें