मुंबई के 26/11 हमलों के 18 साल बाद भी अजमल कसाब के वकीलों को फीस का इंतजार

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 25-11-2026
18 years after the 26/11 Mumbai attacks, Ajmal Kasab's lawyers are still waiting for their fees.
18 years after the 26/11 Mumbai attacks, Ajmal Kasab's lawyers are still waiting for their fees.

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
मुंबई के 26/11 आतंकवादी हमलों के 18 साल बाद भी पाकिस्तानी आतंकवादी अजमल कसाब का बचाव करने वाले दो वकील अब तक अपनी बकाया फीस मिलने का इंतजार कर रहे है।
 
दोनों वकीलों का कहना है कि उन्हें इस मामले के लिए अपने दूसरे मुकदमों को भी छोड़ना पड़ा था।
 
अमीन सोलकर और फरहाना शाह ने 2010 में महाराष्ट्र सरकार द्वारा नियुक्त किए जाने के बाद नौ महीने तक बंबई उच्च न्यायालय में कसाब का बचाव किया था।
 
दोनों वकीलों को उच्च न्यायालय ने नामित किया था और आठ जून, 2010 को महाराष्ट्र राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (एमएसएलएसए) ने एक अधिसूचना जारी कर उन्हें नियुक्त किया था। उन्हें निचली अदालत द्वारा कसाब को सुनाई गई मौत की सजा के खिलाफ उसकी अपील में बचाव पक्ष का प्रतिनिधित्व करना था।
 
तत्कालीन सचिव ए के सोनावणे के हस्ताक्षर वाली अधिसूचना के अनुसार, सोलकर को विशेष लोक अभियोजक के बराबर फीस दी जानी थी, जबकि शाह को मौत की सजा की पुष्टि से जुड़े मामले की सुनवाई करने वाले अतिरिक्त लोक अभियोजक के बराबर पारिश्रमिक मिलना था।
 
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, यह राशि प्रतिदिन 1,500 से 2,000 रुपये के बीच थी।
 
हालांकि, उच्च न्यायालय में कार्यवाही समाप्त हुए 15 साल से अधिक समय बीत जाने के बाद भी दोनों वकीलों का कहना है कि उन्हें अब तक उनकी बकाया फीस नहीं मिली है।