टीवीएस परिवार का संपत्ति विवाद अदालत तक पहुंचा, लक्ष्मी वेणु ने दायर किया मुकदमा

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 25-11-2026
TVS family property dispute reaches court, Lakshmi Venu files suit
TVS family property dispute reaches court, Lakshmi Venu files suit

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

टीवीएस परिवार का संपत्ति विवाद अदालत तक पहुंचा, लक्ष्मी वेणु ने दायर किया मुकदमा

टीवीएस मोटर कंपनी के मानद चेयरमैन वेणु श्रीनिवासन की बेटी लक्ष्मी वेणु ने परिवार की संयुक्त संपत्ति में अपना हिस्सा मांगते हुए मद्रास उच्च न्यायालय में मुकदमा दायर किया है। उन्होंने संपत्ति का बंटवारा करने के साथ परिवार की संपत्तियों से जुड़े दस्तावेज और जानकारी उपलब्ध कराने की भी मांग की है।

लक्ष्मी ने अपने मुकदमे में कहा है कि पारिवारिक संपत्ति के बंटवारे को बातचीत के जरिये विवाद सुलझाने के प्रयास कई बार नाकाम रहने के बाद उन्हें अदालत का दरवाजा खटखटाना पड़ा है।
 
लक्ष्मी की तरफ से जारी एक बयान के मुताबिक, उन्होंने 16 नवंबर, 2026 को अपने पिता को बंटवारे का नोटिस भेजकर परिवार के मुखिया के तौर पर अपनी जिम्मेदारियां निभाने और संपत्ति का उचित एवं कानूनी तरीके से बंटवारा सुनिश्चित करने को कहा था। हालांकि, नोटिस के जवाब में उनके दावे को स्वीकार नहीं किया गया।
 
बयान में कहा गया, ''आपसी बातचीत से सौहार्दपूर्ण समाधान निकालने के हर संभव प्रयास के विफल रहने के बाद उनके पास माननीय अदालत का रुख करने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा था।''
 
लक्ष्मी ने कहा है कि उनके परदादा और दादा की बनाई विरासत पर उनका और उनके भाइयों का समान अधिकार है। पहले उन्होंने हिंदू उत्तराधिकार अधिनियम, 1956 में 2005 के संशोधन का भी हवाला देते हुए कहा था कि संयुक्त परिवार की संपत्ति में बेटियों को भी बेटों के समान अधिकार प्राप्त हैं।
 
उनका दावा है कि परिवार की संपत्तियों से जुड़ी जानकारी में पारदर्शिता की कमी और बार-बार मांगने के बावजूद दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए जाने के कारण उन्हें अदालत से हस्तक्षेप की मांग करनी पड़ी है। उनका मुकदमा वीएस ट्रस्ट और अन्य होल्डिंग संस्थाओं के जरिये रखी गई पारिवारिक संपत्तियों से जुड़ा है।