Seven members of Odisha family killed in Madhya Pradesh road accident cremated in Puri
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
मध्यप्रदेश में बारिश के पानी से उफनते नाले में बह जाने से जान गंवाने वाले भुवनेश्वर के एक परिवार के सात सदस्यों का अंतिम संस्कार सोमवार तड़के पुरी के स्वर्गद्वार में किया गया। परिवार के सदस्यों ने यह जानकारी दी।
मध्यप्रदेश के गढ़ाकाना से सातों लोगों के शवों को देर रात करीब 1:30 बजे भुवनेश्वर पहुंचाया गया।
मध्यप्रदेश के आगर-मालवा जिले के चार वरिष्ठ अधिकारी पुलिस दल के साथ शवों को लेकर भुवनेश्वर पहुंचे।
राज्य के कानून मंत्री पृथ्वीराज हरिचंदन, पुलिस आयुक्त एस. देव दत्ता सिंह और स्थानीय विधायक अनंत नारायण जेना, सुशांत कुमार राउत तथा बाबू सिंह ने मृतकों को अंतिम श्रद्धांजलि दी।
मृतकों के एक परिजन ने बताया कि बाद में शवों को पुरी के स्वर्गद्वार ले जाया गया, जहां उनका अंतिम संस्कार किया गया।
हरिचंदन ने कहा, “यह बेहद दुखद घटना है, जिसमें सात जिंदगियां चली गईं। मैं भगवान जगन्नाथ से प्रार्थना करता हूं कि इस कठिन परिस्थिति का सामना करने के लिए परिवार को शक्ति दें।”