Women empowerment is a shared responsibility of governments, universities, society and families: Vice President
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
उपराष्ट्रपति सी पी राधाकृष्णन ने बुधवार को कहा कि महिला सशक्तीकरण सरकारों, विश्वविद्यालयों, उद्योग जगत, नागरिक समाज और परिवारों की साझा जिम्मेदारी है।
उन्होंने विश्वविद्यालयों से महिलाओं को कौशल हासिल करने, आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने और नेतृत्व की भूमिकाओं के लिए तैयार करने में मदद करने का आग्रह किया।
राधाकृष्णन राष्ट्रसंत तुकड़ोजी महाराज नागपुर विश्वविद्यालय में ‘स्वयंसिद्धा’ पहल के तहत आयोजित पहले राष्ट्रीय सम्मेलन ‘विजया : शिक्षा के माध्यम से सशक्तीकरण का सफर’ के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र के राज्यपाल के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान शुरू किए गए ‘स्वयंसिद्धा’ कार्यक्रम की परिकल्पना उच्च शिक्षण संस्थानों को महिला सशक्तीकरण की प्रक्रिया से सीधे जोड़ने के उद्देश्य से की गई थी।
राधाकृष्णन ने कहा, ‘‘शिक्षा को महिलाओं के लिए कक्षाओं से निकलकर शोध, पेशेवर करियर, प्रशासन और संस्थागत निर्णय लेने की प्रक्रियाओं तक पहुंचने के रास्ते खोलने चाहिए। विश्वविद्यालयों को महिलाओं को कौशल हासिल करने, आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने, आत्मविश्वास बढ़ाने और नेतृत्व की भूमिकाओं के लिए तैयार करने में मदद करनी चाहिए।’’
उन्होंने विश्वविद्यालयों और कॉलेजों से विद्यार्थियों की जरूरतों को पहचानने का भी आग्रह किया। उन्होंने कहा कि खासतौर पर ग्रामीण और दूरदराज के इलाकों या आर्थिक रूप से कमजोर पृष्ठभूमि से आने वाले विद्यार्थियों को डिजिटल सुविधाओं, करियर मार्गदर्शन और कौशल प्रशिक्षण तक पहुंच उपलब्ध कराई जानी चाहिए।