Western Railway suburban services affected at night due to work on Prabhadevi bridge in Mumbai.
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
मुंबई के प्रभादेवी स्टेशन पर पुल के निर्माण कार्य के कारण शनिवार और रविवार की दरमियानी रात को पश्चिमी रेलवे की उपनगरीय ट्रेन सेवाएं साढ़े चार घंटे तक प्रभावित रहेंगी। यह जानकारी एक आधिकारिक विज्ञप्ति में दी गई है।
विज्ञप्ति के अनुसार, यह सेवा रात 1:30 बजे से सुबह छह बजे तक प्रभावित रहेगी। इस दौरान प्रभादेवी सड़क ओवरब्रिज (आरओबी) के एक गर्डर (लोहे या कंक्रीट के भारी बीम) को हटाने का काम किया जाएगा।
पश्चिमी रेलवे ने बताया कि इस अवधि में दादर और बांद्रा स्टेशन से कई लोकल ट्रेन रद्द की जाएंगी या कुछ की यात्रा बीच में ही समाप्त की जाएगी। इस दौरान माटुंगा रोड और माहिम स्टेशन पर ट्रेन सेवाएं उपलब्ध नहीं होंगी।
विज्ञप्ति में यह भी कहा गया है कि शनिवार रात 12:15 बजे से रविवार तड़के 3:45 बजे तक बोरीवली और भायंदर स्टेशन के बीच पटरियों पर तेज गति की ट्रेनों का संचालन रोका जाएगा।
पश्चिमी रेलवे के सूत्रों के अनुसार इन अवरोधों के कारण कम से कम 45 उपनगरीय सेवाएं रद्द होने की संभावना है और नियमित सेवाओं में भी देरी हो सकती है।
उन्होंने बताया कि इससे मेल और एक्सप्रेस ट्रेन के समय पर भी असर पड़ सकता है। हालांकि, शनिवार रात की आखिरी उपनगरीय लोकल ट्रेन अपने निर्धारित समय पर चलेगी।