Uttar Pradesh government believes in taking problems to their logical conclusion: Governor Anandiben Patel
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने सोमवार को कहा कि राज्य सरकार समस्याओं को समाधान तक पहुंचाने में विश्वास रखती है और इसी रास्ते पर चलते हुए उत्तर प्रदेश को विकास को आगे बढ़ाने में सफलता मिली है।
उत्तर प्रदेश विधानमंडल के बजट सत्र के पहले दिन राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने विधानसभा के सभागार में विधान परिषद और विधानसभा की संयुक्त बैठक को संबोधित करते हुए सरकार की उपलब्धियों का ब्योरा दिया।
इस दौरान राज्य के मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी (सपा) के सदस्यों ने विधान भवन के अंदर और बाहर विभिन्न मुद्दों को लेकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया।
सपा सदस्यों के विरोध के बीच राज्यपाल ने करीब 30 मिनट में अपना अभिभाषण पूरा किया।
उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली प्रदेश सरकार की सिलसिलेवार उपलब्धियां गिनाईं और इस दौरान सपा सदस्य लगातार विधानसभा अध्यक्ष के आसन के सामने आकर नारेबाजी और हंगामा करते रहे।
राज्यपाल ने सपा सदस्यों से नारेबाजी बंद कर अपनी-अपनी सीट पर बैठने का तीन बार आग्रह किया, लेकिन विरोध जारी रहा।
अपने अभिभाषण में पटेल ने कहा कि ‘सबका साथ, सबका विकास’ के संकल्प के साथ प्रदेश में लगभग छह करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकाला गया है।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और संविधान निर्माता बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर के सपनों के अनुरूप उनकी सरकार गरीबी खत्म के लक्ष्य को केंद्र में रखते हुए 2026 को अंत्योदय, सामाजिक न्याय और सर्व-समावेशी लोक कल्याण का सशक्त प्रतीक बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।