US action on 'Green Card' programme won't impact workforce strategy, customer services: TCS
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) ने शुक्रवार को कहा कि उसे अमेरिका में ‘ग्रीन कार्ड’ कार्यक्रम पर की गई कार्रवाई से अपनी कार्यबल रणनीति या ग्राहकों के साथ कामकाज पर असर पड़ने की आशंका नहीं है।
देश की सबसे बड़ी सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) सेवा कंपनी ने कहा कि इसकी मुख्य वजह यह है कि पिछले दो वर्ष में इस कार्यक्रम के तहत उसके आवेदन की संख्या इकाई अंक में रही है। साथ ही उसका ध्यान स्थानीय लोगों को नौकरी देने पर है।
अमेरिका ने बृहस्पतिवार को टीसीएस, इन्फोसिस, विप्रो, कॉग्निजेंट और माइक्रोसॉफ्ट समेत आठ आईटी कंपनियों को विदेशी कर्मचारियों के लिए ‘ग्रीन कार्ड’ के आवेदन से जुड़े एक कार्यक्रम से निलंबित कर दिया। अमेरिका का आरोप है कि इस प्रक्रिया के कारण अमेरिकी नागरिकों को रोजगार के अवसर नहीं मिल पाए हैं।
टीसीएस ने बयान में कहा, ‘‘पिछले दो वर्ष में हमारे ‘स्थायी श्रम प्रमाणन कार्यक्रम’ (पीईआरएम) आवेदन की संख्या इकाई अंक में रही है। इसलिए हमें नहीं लगता कि कार्यक्रम के निलंबन से हमारी कार्यबल रणनीति और ग्राहकों के साथ कामकाज पर असर पड़ेगा।’’