व्यापारियों के संगठन ने एलपीजी की सीमित आपूर्ति की मांग की

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 14-03-2026
Traders' body demands limited supply of LPG
Traders' body demands limited supply of LPG

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
 कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) ने शनिवार को मध्यप्रदेश प्रशासन से वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडर की सीमित आपूर्ति को तत्काल बहाल करने का आग्रह किया ताकि भोपाल में होटल और खाद्य सेवा क्षेत्र को पूरी तरह से बंद होने से रोका जा सके।
 
व्यापारियों के संगठन ने चेतावनी दी है कि अगर कुछ दिनों के भीतर आपूर्ति बहाल नहीं की गई, तो राज्य की राजधानी में पूरा आतिथ्य और खाद्य सेवा क्षेत्र बंद हो सकता है, जिससे हजारों लोगों की आजीविका खतरे में पड़ सकती है और खाद्य आपूर्ति बाधित हो सकती है।
 
कैट भोपाल के जिला अध्यक्ष धर्मेंद्र शर्मा ने एक बयान में कहा कि भोपाल में वाणिज्यिक गैस सिलेंडर की आपूर्ति पूर्णतः बंद होने के कारण होटल, रेस्तरां एवं मिठाई व्यवसाय गंभीर संकट की स्थिति में पहुंच गया है।
 
उन्होंने कहा, ‘‘यदि यही स्थिति कुछ और दिनों तक बनी रही तो शहर का यह पूरा सेवा क्षेत्र पूरी तरह बंद होने की कगार पर आ जाएगा, जिससे हजारों लोगों के रोजगार और आम नागरिकों की दैनिक आवश्यकताओं पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा।’’
 
उन्होंने बताया कि होटल और रेस्तरां व्यवसायियों द्वारा वैकल्पिक व्यवस्था के रूप में ‘इंडक्शन आधारित कुकिंग सिस्टम’ का ऑर्डर दिया गया है, लेकिन इन उपकरणों के आने में लगभग सात से 10 दिन का समय लगने की संभावना है।
 
शर्मा ने कहा कि साथ ही, इनके उपयोग के लिए बिजली की लोड क्षमता बढ़ाना भी आवश्यक होगा, जो तत्काल संभव नहीं है।
 
उन्होंने कहा कि ऐसे में यह विकल्प अभी के लिए व्यवहारिक समाधान नहीं बन पा रहा है।
 
उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा लकड़ी जलाने का दिया गया सुझाव भी व्यावहारिक नहीं है, क्योंकि अधिकतर होटलों और रेस्तरां की रसोई की संरचना आधुनिक गैस आधारित कुकिंग सिस्टम के अनुरूप बनी हुई है और वहां लकड़ी आधारित चूल्हों की व्यवस्था करना न तो तकनीकी रूप से संभव है और न ही सुरक्षा व स्वच्छता की दृष्टि से उचित है।