Tiny wild cat identified as a new species in Bolivia has become a tourist attraction.
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
बोलीविया के जंगलों में रहने वाली एक नन्ही जंगली बिल्ली इन दिनों लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है और वैज्ञानिकों द्वारा इसे एक नयी प्रजाति के रूप में पहचाने जाने के बाद बड़ी संख्या में लोग इसकी एक झलक पाने यहां पहुंच रहे हैं।
इस बिल्ली को ‘टिग्रिनो’ नाम दिया गया है, लेकिन समस्या यह है कि उसे लोगों के आकर्षण का केंद्र पसंद नहीं है।
शरीर पर तेंदुए जैसे बड़े धब्बों वाली यह छोटी जंगली बिल्ली बहुत जल्द तनाव में आ जाती है। यही वजह है कि ला पाज के पास स्थित वन्यजीव अभयारण्य के कर्मचारी उसे लोगों की नजरों से दूर रखते हैं और उसे करीब से देखने के इच्छुक लोगों को वापस भेज देते हैं।
‘एसोसिएटेड प्रेस’ की टीम जब रविवार को अभयारण्य पहुंची, उस समय टिग्रिनो अपने आश्रय से सावधानी से बाहर आई, उसने कुछ देर आसपास का जायजा लिया और इधर-उधर टहलने के बाद फिर पेड़-पौधों के बीच जाकर छिप गई।
टिग्रिनो ‘लेपर्डस टिलकायो’ प्रजाति की जंगली बिल्ली है। वैज्ञानिकों ने एक सदी से भी अधिक समय बाद जंगली बिल्लियों की किसी नयी जीवित प्रजाति की पहचान की है। टिग्रिनो की सिर से पूंछ तक लंबाई महज 18 इंच (46 सेंटीमीटर) और वजन करीब तीन पाउंड (1.4 किलोग्राम) है। आकार में वह एक सामान्य बिल्ली से भी छोटी है।