शादियों की वजह से दक्षिण दिल्ली के प्रमुख मार्गों पर जाम लगने की आशंका

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 27-11-2026
There is a possibility of traffic jam on major roads of South Delhi due to weddings.
There is a possibility of traffic jam on major roads of South Delhi due to weddings.

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 दक्षिण दिल्ली में शुक्रवार को होने वाली 36 से अधिक शादियों में 14,700 से ज्यादा मेहमानों के शामिल होने की उम्मीद है, जिससे सड़कों पर लगभग 9,200 अतिरिक्त वाहन उतर सकते हैं और कई प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रभावित हो सकता है। दिल्ली यातायात पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस द्वारा जारी किये गये यातायात परामर्श के अनुसार, ये शादियां एसएसएन मार्ग (भाटी माइंस रोड), बांध रोड, मंडी रोड और महरौली-गुरुग्राम रोड पर बारातघरों में होने वाली हैं।
 
परामर्श में कहा गया है कि वाहनों की आवाजाही बढ़ने के कारण एसएसएन मार्ग, 100-फुट रोड, अणुव्रत मार्ग, अरबिंदो मार्ग, मंडी रोड, जोनापुर रोड, महरौली-गुरुग्राम रोड और महरौली-महिपालपुर रोड पर जाम लगने का अनुमान है।
 
इसमें कहा गया है कि वाहनों की आवाजाही को विनियमित करने और यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए यातायात कर्मियों को तैनात किया गया है।
 
यात्रियों को सलाह दी गई है कि जहां तक संभव हो, वे इन मार्गों से बचें।
 
शादी में आने वाले मेहमानों से भी कहा गया है कि वे अपने वाहन केवल निर्धारित स्थानों पर ही खड़ा करें और सड़क किनारे उसे खड़ा करने से बचें।