रस्किन बॉन्ड के ‘द रूम ऑन द रूफ’ के 70 वर्ष पूरे होने पर गाफ्रिक संस्करण का विमोचन

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 27-11-2026
Releasing the Gafric edition of Ruskin Bond's 'The Room on the Roof' to mark its 70th anniversary.
Releasing the Gafric edition of Ruskin Bond's 'The Room on the Roof' to mark its 70th anniversary.

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 प्रतिष्ठित लेखक रस्किन बॉन्ड ने 17 साल की उम्र में देहरादून में अपना कालजयी उपन्यास ‘द रूम ऑन द रूफ’ लिखा था और अब 70 साल बाद इसी शहर में इस कृति के ग्राफिक संस्करण का विमोचन किया गया है।
 
रस्किन बॉन्ड की इस अमर कृति के ग्राफिक संस्करण का विमोचन आठवें देहरादून साहित्य महोत्सव की शुरुआत में औपचारिक रूप किया गया। इस मौके पर 92 वर्षीय लेखक स्वयं नहीं मौजूद थे लेकिन उन्होंने एक विशेष पत्र भेजा था।
 
रस्किन की पोती सृष्टि बॉन्ड ने पाठकों के समक्ष यह पत्र पढ़कर सुनाया, जो लेखक के सात दशक के साहित्यिक सफर को बयां करता है।
 
रस्किन बॉन्ड ने अपने पत्र में लिखा, ‘‘मैंने इसे यहीं देहरादून में लिखा था—एक नौजवान के सपनों के साथ, मन में कई कहानियों के उमड़ने के साथ, और इस बात का बहुत कम अंदाजा था कि ज़िंदगी मुझे कहां ले जाएगी।’’
 
वह स्वयं इस कृति के इतने समय तक लोकप्रिय होने पर हतप्रभ हैं।
 
उन्होंने पत्र में लिखा, ‘‘मैं शायद ही कभी सोच सकता था कि सात दशक बाद भी बच्चे इसे पढ़ रहे होंगे, और मुझे सबसे ज़्यादा खुशी इस बात की है कि यह किताब तीन पीढ़ियों तक पहुंच चुकी है।’’
 
रस्किन बॉन्ड ने किताबों की असली ‘जादू’ की ओर इशारा करते हुए कहा, ‘‘आपके दादा-दादी ने इसे पढ़ा है, आपके माता-पिता ने इसे पढ़ा है और अब आप-यानी तीसरी पीढ़ी-भी इसे पढ़ रहे हैं। क्या यह बहुत सुंदर बात नहीं है?’’
 
सौम्या ओबेरॉय के बनाये चित्रों वाला यह नया ग्राफ़िक संस्करण, केवल एक यादगार पुन: प्रकाशन ही नहीं है, बल्कि यह रस्किन की दोस्ती, पहले प्यार और खुद को खोजने की दुनिया को पाठकों की नयी पीढ़ी से परिचित कराने का एक प्रयास भी है।
 
किताबों की दुनिया से आगे बढ़कर, बॉन्ड के पत्र ने युवा पाठकों को जीवन का एक सरल दर्शन भी दिया, और उन्हें याद दिलाया कि खुशी हमेशा असाधारण अनुभवों में ही नहीं होती।