आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
गणितज्ञ और सुपर 30 के संस्थापक आनंद कुमार को शिक्षा के क्षेत्र में योगदान तथा आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के अवसर उपलब्ध कराने के लिए जापान में ‘स्पेशल अचीवमेंट अवॉर्ड’ से सम्मानित किया गया है।
सुपर 30 की ओर से जारी बयान के अनुसार, जापान के प्रमुख कारोबारी समूह सीजीसी ग्रुप के अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी अत्सुहिरो होरिउची ने कुमार को यह पुरस्कार प्रदान किया।
पुरस्कार के साथ दिए गए प्रशस्ति-पत्र में आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के विद्यार्थियों को सुपर 30 के माध्यम से मुफ्त शिक्षा उपलब्ध कराने और उनके लिए नए अवसर पैदा करने में कुमार के योगदान की सराहना की गई है। इसमें उनकी शैक्षणिक पहल और सामाजिक प्रतिबद्धता को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रेरणादायक बताया गया है।
प्रशस्ति-पत्र में कुमार की नई पहल ‘सुपर इनफिनिटी’ का भी विशेष उल्लेख किया गया है। इसके तहत दुनियाभर के बच्चों को सरल और दिलचस्प तरीके से गणित सिखाने का प्रयास किया जा रहा है।
कुमार ने वर्ष 2002 में पटना में सुपर 30 की शुरुआत की थी जिसमें वंचित परिवारों के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) की प्रवेश परीक्षा की तैयारी के लिए मुफ्त शिक्षा दी जाती है।
बयान के अनुसार, होरिउची ने सुपर इनफिनिटी की जापानी भाषा में चल रही पहल में भी रुचि दिखाई और कहा कि जापान के बच्चे भी पारंपरिक कक्षा शिक्षण से अलग रोचक तरीके से गणित सीखना चाहते हैं।