बांग्लादेश में हिंसक प्रदर्शनों के बाद कपड़ा श्रमिकों का न्यूनतम वेतन 36 प्रतिशत बढ़ा

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 25-11-2026
Bangladesh raises minimum wage for garment workers by 36% after violent protests
Bangladesh raises minimum wage for garment workers by 36% after violent protests

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
बांग्लादेश में कपड़ा श्रमिकों के न्यूनतम मासिक वेतन में 36 प्रतिशत की वृद्धि कर इसे 100 डॉलर से बढ़ाकर 136 डॉलर कर दिया गया है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
 
वेतन वृद्धि की मांग को लेकर श्रमिकों के कई सप्ताह तक चले व्यापक विरोध प्रदर्शनों के कारण कारखानों में कामकाज और उत्पादन प्रभावित हुआ था।
 
चीन के बाद दुनिया के दूसरे सबसे बड़े कपड़ा निर्यातक बांग्लादेश में अक्टूबर से श्रमिक अधिक वेतन की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। इस दौरान कई जगह हिंसक प्रदर्शन भी हुए।
 
ढाका ट्रिब्यून की खबर के अनुसार, इस संबंध में निर्णय बुधवार तड़के ढाका के सेगुनबागिचा स्थित न्यूनतम वेतन बोर्ड के कार्यालय में हुई करीब 12 घंटे की बैठक के बाद लिया गया। बैठक मंगलवार दोपहर दो बजे शुरू हुई थी और देर रात करीब दो बजे समाप्त हुई।
 
कारखाना मालिकों और श्रमिकों के प्रतिनिधियों के बीच सहमति नहीं बन पाने के बाद छह सदस्यीय बोर्ड ने मतदान के जरिये नए न्यूनतम वेतन का फैसला किया।
 
न्यूनतम वेतन बोर्ड ने बांग्लादेश के रेडीमेड कपड़ा (आरएमजी) उद्योग के श्रमिकों का न्यूनतम मासिक वेतन मौजूदा 12,500 टका (100 डॉलर) से बढ़ाकर 17,000 टका (136 डॉलर) तय किया है। यह वृद्धि कारखाना मालिकों और श्रमिक प्रतिनिधियों के बीच कई दौर की बातचीत के बाद की गई है।