आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रमुख मोहन भागवत ने बुधवार को कहा कि दुनिया की कोई भी ताकत नहीं चाहती कि भारत प्रगति करे, क्योंकि वैश्विक शक्तियां अपना वर्चस्व कायम करना और दूसरों को दबाव में रखना चाहती हैं तथा वे ‘सर्वाइवल ऑफ द फिटेस्ट’ के सिद्धांत में विश्वास करती हैं।
वह महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में पांचवें पद्मा महोत्सव के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे।
स्थानीय संस्था ज्ञानयज्ञ फाउंडेशन ने तीन दिवसीय पद्मा महोत्सव का आयोजन किया है। इसमें विभिन्न क्षेत्रों के पद्म पुरस्कार विजेता एक मंच पर जुटते हैं और लोगों से संवाद करते हैं।
भागवत ने कहा कि भारत सभी की मदद करना चाहता है और उन देशों को भी सहायता देता है, जो उससे नफरत करते हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘दुनिया की कोई भी ताकत नहीं चाहती कि भारत आगे बढ़े, क्योंकि वे केवल अपना वर्चस्व कायम करना चाहती हैं और ‘सर्वाइवल ऑफ द फिटेस्ट’ के सिद्धांत में विश्वास करती हैं। वे सभी को दबाव में रखना चाहती हैं। अगर भारत तरक्की करता है, तो उनकी दुकानें बंद हो जाएंगी, क्योंकि भारत सभी की मदद करना चाहता है। भारत अपने उन पड़ोसी देशों की भी मदद करता है, जो उससे नफरत करते हैं।’’
आरएसएस प्रमुख ने कहा कि युवा पीढ़ी गुलामी की मानसिकता से मुक्त है।