छात्र आत्महत्या मामला: आईआईटी मुंबई के डीन सूर्यनारायण डूला पद से हटाए गए

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 21-09-2026
Student suicide case: IIT Bombay Dean Suryanarayan Dulla removed from post
Student suicide case: IIT Bombay Dean Suryanarayan Dulla removed from post

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 मुंबई स्थित भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) ने छात्र की आत्महत्या के मामले में सोमवार को डीन सूर्यनारायण डूला को तत्काल प्रभाव से पद से हटा दिया।
 
संस्थान के अधिकारियों के अनुसार, निदेशक प्रोफेसर शिरीष केदारे ने एक आधिकारिक ईमेल जारी कर बताया कि वर्तमान में डीन (प्रशासनिक मामले) के तौर पर कार्यरत प्रोफेसर डूला को पद से हटा दिया गया है।
 
निदेशक ने कहा, ‘‘आगे की कार्रवाई जांच के बाद की जाएगी।’’
 
इससे पहले प्रोफेसर डूला डीन (छात्र मामलों) के पद पर तैनात थे।
 
अधिकारियों के अनुसार, ऊर्जा विज्ञान एवं इंजीनियरिंग विभाग में बीटेक द्वितीय वर्ष के छात्र साहिल रवींद्र वाकोडे (22) का शव शुक्रवार शाम आईआईटी मुंबई के पवई परिसर स्थित छात्रावास के कमरे में पंखे से बनाए गए फंदे पर लटका मिला था।
 
आरोप है कि परीक्षा के दौरान मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते हुए पकड़े जाने के कुछ ही घंटे बाद वाकोडे ने आत्महत्या कर ली।