राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू दो दिवसीय दौरे पर केरलम पहुंचीं

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 27-11-2026
President Draupadi Murmu arrives in Kerala on a two-day visit
President Draupadi Murmu arrives in Kerala on a two-day visit

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू शुक्रवार को दो दिवसीय दौरे पर केरलम पहुंचीं। इस दौरान वह विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेंगी और धार्मिक स्थलों का दौरा करेंगी। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
 
एर्नाकुलम जिला प्रशासन के अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रपति सुबह 10 बजकर 41 मिनट पर विशेष विमान से यहां नेदुंबस्सेरी स्थित कोचीन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पहुंचीं और 10 बजकर 45 मिनट पर कालडी स्थित श्री शंकराचार्य मंदिर के लिए रवाना हो गईं।
 
राज्यपाल ओम प्रकाश माथुर, मुख्यमंत्री वी. डी. सतीशन, उच्च शिक्षा मंत्री रोजी एम. जॉन, सांसद बेनी बेहनान और हारिस बीरन तथा विधायक अनवर सादत ने हवाई अड्डे पर राष्ट्रपति का स्वागत किया।
 
उन्होंने बताया कि मुख्य सचिव विश्वनाथ सिन्हा, पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) एवं राज्य पुलिस प्रमुख रवाडा ए. चंद्रशेखर, दक्षिणी नौसेना कमान के रियर एडमिरल प्रकाश गोपालन, एर्णाकुलम की जिलाधिकारी जी. प्रियंका और एर्णाकुलम ग्रामीण के जिला पुलिस प्रमुख के. एस. सुदर्शन भी उनका स्वागत करने के लिए उपस्थित थे।
 
अधिकारियों ने बताया कि दिन में बाद में वह त्रिशूर स्थित वैद्यरत्नम आयुर्वेद कॉलेज के स्वर्ण जयंती कार्यक्रम के समापन समारोह में शामिल होंगी। इसके बाद वह गुरुवायूर स्थित श्री कृष्ण मंदिर में दर्शन करेंगी।
 
अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रपति शनिवार को कन्नूर के एझिमाला स्थित भारतीय नौसेना अकादमी में शरदकालीन सत्र 2026 की पासिंग आउट परेड (पीओपी) में भी शामिल होंगी।